यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 21, 2019 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
सौरमंडल की गतिविधियां देख खुश और अचंभित हो रहे हैं पर्यटक Dehradun News
मसूरी पहुंच रहे सैलानी और स्थानीय लोग इन दिनों सौरमंडल की गतिविधियों को देख गद्गद् व अचंभित हो रहे हैं।

मसूरी, जेएनएन। पहाड़ों की वादियों का लुत्फ उठाने मसूरी पहुंच रहे सैलानी व स्थानीय लोग इन दिनों सौरमंडल की गतिविधियों को देख गद्गद् व अचंभित हो रहे हैं। शाम होते ही शक्तिशाली एचडी विजन लैस दूरबीन से सौरमंडल की हलचलों को देखने के लिए मालरोड गढ़वाल टैरेस पर पर्यटकों का तांता लग जाता है। एचडी दूरबीन से बृहस्पति व उसके चार चंद्रमाओं, शनि व उसके अद्भुत छल्लों और चंद्रमा सहित अन्य ग्रहों को देखकर पर्यटक रोमांचित हो रहे हैं।
सौरमंडल को दीप स्पेस लैब एचडी विजन लैस शक्तिशाली दूरबीनों द्वारा सार्वजनिक रूप से दिखाया जा रहा है। दीप स्पेस लैब के संचालक व नासा के पूर्व वैज्ञानिक रहे अमित कौशिक ने बताया कि बृहस्पति ग्रह पृथ्वी से लगभग 71 करोड़ किमी दूरी पर है और पृथ्वी से लगभग एक हजार गुना बड़ा है।
इसके चार चंद्रमाओं को इन शक्तिशाली दूरबीनों के माध्यम से स्पष्ट देख सकते हैं। इसके साथ ही बृहस्पति ग्रह पर उठने वाले रंगीन तूफानों को भी देखा जा सकता है। अरबों साल पुरानी हलचलों से चांद पर बने निशान व गड्ढे, पहाड़ियां और बिना पानी वाले समुद्र देख सकते हैं। दूरबीनों से चांद के उस हिस्से को भी देखा जा सकता है जहां पर सबसे पहले पहुंचने वाले अंतरिक्ष यात्री नील आर्मस्ट्रांग ने अपने अंतरिक्ष यान को उतारा था।

