उत्तराखंड विधानसभा सत्र: हंगामे के बीच अनुपूरक बजट पारित, सदन अनिश्चित काल के लिये स्थगित
ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैण में विधानसभा सत्र के दूसरे दिन अनुपूरक बजट समेत 10 विधेयकों पर मुहर लग गई। जिसके बाद सदन अनिश्चित काल के लिए स्थगित हो गया।

सदन में विपक्ष का हंगामा। जागरण

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
राज्य ब्यूरो, गैरसैंण। ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैण में विधानसभा सत्र के दूसरे दिन बुधवार को हंगामे के बीच अनुपुूरक बजट समेत 10 विधेयकों पर सदन की मुहर लग गई। जिसके बाद सदन अनिश्चित काल के लिए स्थगित हो गया।
इससेे पहले विधानसभा सत्र के दूसरे दिन सदन की कार्यवाही शुरू होने से पहले विधानसभा परिसर में विभिन्न मांगों को लेकर कांग्रेस विधायकों ने धरना दिया। गैरसैंण का यह सत्र मौजूदा विधानसभा का अंतिम सत्र है। ऐसे में विधायकों ने सामूहिक फोटोशूट कराया। हालांकि कांग्रेसी विधायकों ने इससे दूरी बनाएं रखी।
सत्र की कार्यवाही शुरू होते ही विपक्ष ने हंगामा कर दिया। भ्रष्टाचार की कार्यस्थगन सूचना स्वीकार न होने पर विपक्ष भड़का। सदन में काले झंडे भी लहराए। जिसके बाद सदन की कार्यवाही स्थगित कर दी गई।
सदन की कार्यवाही दोबारा शुरू होते ही कांग्रेस ने हंगामा शुरू कर दिया और वेल पर आ गए। हंगामे के बीच ही प्रश्नकाल शुरू किया गया। मंत्री भरत चौधरी ने पहले तारांकित प्रश्न का जवाब दिया। लेकिन कांग्रेस विधायकों का हंगामा जारी रहा। काले कपड़े वेल में लहराए गए। सदन में हंगामे के बीच अनुपूरक बजट पारित हो गए। सभी 10 विधेयक पारित किए गए। सदन अनिश्चित काल के लिये स्थगित कर दिया गया।
विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खण्डूड़ी भूषण की अध्यक्षता में मंगलवार को हुई कार्यमंत्रणा समिति की बैठक में सदन की आगामी कार्यवाही का एजेंडा तय किया गया। उधर, अगस्त 2025 में हुए सत्र से कार्यमंत्रणा समिति की बैठक से दूरी बनाए कांग्रेस ने इस बैठक से भी किनारा किए रखा।
चर्चा के बाद कराया जाएगा मतदान
बैठक में तय हुआ कि सदन में प्रस्तुत विधेयकों को विचार एवं पारण के लिए बुधवार को रखा जाएगा। इसके अतिरिक्त अनुपूरक बजट की अनुदान मांगें प्रस्तुत की जाएंगी। इन पर चर्चा के बाद मतदान कराया जाएगा।
इसके साथ ही उत्तराखंड विनियोग (2026-27 अनुपूरक) विधेयक, 2026 पर विचार करने और पारित करने से संबंधित कार्यवाही भी निर्धारित की गई। बैठक में संसदीय कार्य मंत्री सुबोध उनियाल, बहुजन समाज पार्टी के विधायक मोहम्मद शहजाद और भाजपा विधायक सहदेव सिंह पुंडीर उपस्थित रहे।
