चारधाम यात्रा की तैयारियां तेज, यातायात जाम और भूस्खलन संभावित स्थलों पर तैनात रहेगी पुलिस
मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने चारधाम यात्रा की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने यातायात जाम और भूस्खलन संभावित स्थलों पर पुलिस तैनाती के निर्देश दिए। ...और पढ़ें

इस तस्वीर का उपयोग सांकेतिक रूप में किया गया है।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
राज्य ब्यूरो, देहरादून। चारधाम यात्रा को सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के दृष्टिगत तैयारियों को अंतिम रूप देने में सरकार जुटी है। इसी कड़ी में चारधाम यात्रा के दौरान यातायात जाम और भूस्खलन संभावित स्थलों पर पुलिस कर्मियों की तैनाती रहेगी।
मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने बुधवार को सचिवालय में चारधाम यात्रा की तैयारियों की समीक्षा बैठक में इसके निर्देश दिए। साथ ही पुलिस, लोनिवि, स्वास्थ्य समेत अन्य विभागों को अपने स्तर से पूर्ण तैयारियां सुनिश्चित करने को कहा।
मुख्य सचिव ने कहा कि पुलिस विभाग को निर्देश दिए कि यातायात जाम और भूस्खलन जैसे कारणों से मार्ग बाधित होने से लगने वाले जाम से बचने को बड़े होल्डिंग एरिया चिह्नित कर वहां यात्रियों के रुकने और भोजन की संपूर्ण व्यवस्थाएं रखी जाएं, ताकि उन्हें किसी प्रकार को असुविधा न हो।
उन्होंने यातायात संकुलन और मौसम की जानकारी सहित महत्वपूर्ण जानकारियां लगातार वाकी-टाकी सहित यात्रा के लिए पंजीकृत मोबाइल नंबरों पर एसएमएस के माध्यम से उपलब्ध कराने, यात्रियों को ‘सचेत ऐप‘ अनिवार्य रूप से डाउनलोड कराने के निर्देश दिए।
दिए ये निर्देश
मुख्य सचिव ने आपदा प्रबंधन विभाग के मैसेजिंग एलर्ट मैकेनिज्म का प्रयोग भी यात्रियों को जानकारियां उपलब्ध कराने के लिए करने, आपातस्थिति में हेली सेवाओं के माध्यम से राहत-बचाव का उचित प्रबंधन करने, पर्यटन विभाग को चारधाम यात्रा मार्गों पर सार्वजनिक सुविधाएं विकसित करने को स्थल चिह्नित कर कार्ययोजना बनाने, चारधाम यात्रा मार्गों पर साईनेज लगाने, स्वास्थ्य विभाग को केदारनाथ व बदरीनाथ धाम में 15-15 दिनों के रोटेशन आधार पर चिकित्सकों की तैनाती करने, 60 वर्ष से अधिक आयु के श्रद्धालुओं की स्वास्थ्य जांच अनिवार्य रूप से करने, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण, सीमा सड़क संगठन तथा लोक निर्माण विभाग को यात्रा प्रारंभ होने से पहले मार्ग दुरुस्त करने, ऊर्जा निगम को बदरीनाथ धाम में लो-वोल्टेज की समस्या का समाधान कर चारों धामों में निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा।
मुख्य सचिव ने नागरिक उड्डयन विभाग को शटल सेवा के लिए एसओपी शीघ्र जारी करने और चारों धामों में हेली सेवाओं की उपलब्धता के साथ ही आफलाइन व आनलाइन बुकिंग की सुविधा के क्रियान्वयन पर भी जोर दिया। उन्होंने सूचना विभाग को यात्रा से जुड़ी सभी आवश्यक जानकारियों का व्यापक प्रचार प्रसार करने, परिवहन विभाग को वाहनों का फिटनेस प्रमाण पत्र, ग्रीन कार्ड एवं ट्रिप कार्ड समय से उपलब्ध कराने, आपूर्ति विभाग को चारधाम यात्रा मार्गों में रसोई गैस, कैरोसीन, पेट्रोल, डीजल की निर्बाध आपूर्ति के लिए निर्देशित किया।