उत्तराखंड में LPG की पर्याप्त उपलब्धता: मुख्य सचिव बोले- कालाबाजारी व अफवाहों पर होगी कड़ी कार्रवाई
मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने स्पष्ट किया कि उत्तराखंड में घरेलू गैस सिलेंडरों की पर्याप्त उपलब्धता है और कोई कमी नहीं है। ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
राज्य ब्यूरो, देहरादून। मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने स्पष्ट किया कि प्रदेश में घरेलू गैस सिलिंडरों की पर्याप्त उपलब्धता है और किसी भी प्रकार की कमी नहीं है।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कालाबाजारी करने व अफवाहों पर कड़ी नजर रखी जाए और किसी भी स्थिति में कानून-व्यवस्था को प्रभावित न होने दिया जाए।
मध्य पूर्व के देशों में उत्पन्न परिस्थितियों के मद्देनज़र प्रदेश में एलपीजी एवं ईंधन आपूर्ति की स्थिति की समीक्षा के लिए मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने भराडीसैंण में उच्च स्तरीय बैठक की।
बैठक में सभी जिलों के जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, पुलिस अधीक्षक वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े। साथ ही इंडियन आयल कारपोरेशन के स्टेट लेवल कोआर्डिनेटर और अन्य संबंधित अधिकारी भी बैठक में उपस्थित रहे।
जिलों में सतर्कता बढ़ाने के निर्देश
मुख्य सचिव ने सभी जिलाधिकारियों और पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में स्थिति पर लगातार निगरानी बनाए रखें।
उन्होंने कहा कि किसी भी असामाजिक तत्व की ओर से अफवाह फैलाने या माहौल खराब करने की कोशिश की जाती है तो उसके खिलाफ तत्काल और सख्त कार्रवाई की जाए।
गैस सिलिंडरों की कालाबाजारी रोकने को छापामारी
बैठक में गैस सिलिंडरों की कालाबाजारी, अवैध भंडारण और डायवर्जन पर सख्ती से रोक लगाने के निर्देश दिए गए। इसके लिए जिलों में नियमित रूप से छापेमारी अभियान चलाने को कहा गया है।
मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि तहसील स्तर पर एसडीएम की अध्यक्षता में क्विक रिस्पांस टीम गठित की जाए। यह टीम गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी या अवैध स्टाकिंग करने वालों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई करेगी।
आयल कंपनियों से निरंतर समन्वय बनाए रखने को कहा
मुख्य सचिव ने जिलों में कार्यरत आयल कंपनियों और गैस एजेंसियों के साथ लगातार संपर्क बनाए रखने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि किसी भी संभावित समस्या की जानकारी तुरंत राज्य स्तर पर साझा की जाए ताकि समय रहते समाधान किया जा सके।
घरेलू गैस की पर्याप्त उपलब्धता
बैठक में इंडियन आयल के स्टेट लेवल कोआर्डिनेटर कृष्ण कुमार गुप्ता और स्वर्ण सिंह ने जानकारी दी कि राज्य में घरेलू गैस सिलिंडरों की पर्याप्त उपलब्धता है।
उन्होंने बताया कि प्रदेश में गैस आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है और किसी भी प्रकार की कमी नहीं है। अधिकारियों ने कहा कि इंटरनेट मीडिया या अन्य माध्यमों से फैल रही अफवाहों पर नियंत्रण रखना आवश्यक है।
अस्पतालों और शैक्षणिक संस्थानों को प्राथमिकता
वाणिज्यिक गैस सिलिंडरों की आपूर्ति प्राथमिकता के आधार पर अस्पतालों और शैक्षणिक संस्थानों को की जाएगी। फिलहाल होटल, ढाबों और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को व्यवसायिक सिलिंडरों की आपूर्ति सीमित रखी जाएगी ताकि आवश्यक सेवाओं में किसी प्रकार की बाधा न आए।