विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

उत्तराखंड में भारी बारिश का अलर्ट: अलकनंदा और मंदाकिनी नदी चेतावनी के करीब, Badrinath Highway बंद

Published: Sun, 16 Aug 2026 09:42 AM (IST)Updated: Sun, 16 Aug 2026 01:06 PM (IST)

Uttarakhand Weather Today: उत्तराखंड में मानसून सक्रिय हो गया है, मौसम विभाग ने कई जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज ...और पढ़ें

नंदानगर रामणी मोटर मार्ग बंद , इस तरह पैदल आ रहे हैं लोग. Jagran

नंदानगर रामणी मोटर मार्ग बंद , इस तरह पैदल आ रहे हैं लोग. Jagran

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

जागरण संवाददाता, देहरादून। Uttarakhand Monsoon: उत्तराखंड में मानसून सक्रिय रहने से रविवार को अधिकांश क्षेत्रों में हल्की से मध्यम वर्षा के आसार हैं। मौसम विभाग ने देहरादून, चंपावत, बागेश्वर, ऊधम सिंह नगर और नैनीताल जिलों में भारी से बहुत भारी वर्षा तथा आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है।

सुबह से मसूरी, नई टिहरी और देहरादून में घने बादल व कोहरा छाया है। उत्तरकाशी में रिमझिम वर्षा के बीच भूस्खलन से गंगोत्री-यमुनोत्री हाईवे करीब तीन घंटे बाधित रहा, जिसे बाद में खोल दिया गया। चमोली जिले में बदरीनाथ हाईवे बाजपुर क्षेत्र में बंद है। अभी वैकल्पिक तौर पर नंदप्रयाग कोठियालसैंण संपर्क मोटर मार्ग से आवाजाही हो रही है।

रुद्रप्रयाग में अलकनंदा-मंदाकिनी नदियों का जलस्तर चेतावनी स्तर के करीब है। कुमाऊं में बादल छाए हैं तथा करीब 25 ग्रामीण मार्ग बाधित हैं। प्रशासन ने सभी विभागों को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए हैं। 

बदरीनाथ हाईवे बंद

चमोली में मौसम खराब रहा। बदरीनाथ हाईवे बाजपुर में भूस्खलन से बंद है। नंदप्रयाग कोठियालसैंण संपर्क मोटर मार्ग से आवाजाही हो रही है। बदरीनाथ और हेमकुंड साहिब यात्रा जारी है। बारिश के कारण मलबा आने से नंदानगर रामणी मोटर मार्ग बंद हो गया है। लोग जान जोखिम में डालकर पैदल आ रहे हैं।

गंगोत्री और यमुनोत्री हाईवे खुला

उत्तरकाशी। जिला मुख्यालय उत्तरकाशी में छाए बादल और रिमझिम बारिश हुई। गंगोत्री हाईवे गंगनानी और यमुनोत्री हाईवे पालीगाड के पास भूस्खलन के चलते मलबा आने के कारण बाधित हो गया था। जिसे तीन घंटे बाद बीआरओ व एनएच बड़कोट की टीम ने खोल दिया।

पांच घंटे बाद खुला कैलास मानसरोवर यात्रा मार्ग

पिथौरागढ़। शनिवार रात्रि हुई भारी वर्षा से टनकपुर तवा घाट राष्ट्रीय राजमार्ग और कैलाश मानसरोवर यात्रा मार्ग 5 घंटे से अधिक समय तक बंद रहे। इसके अलावा अस्कोट कर्णप्रयाग मोटर मार्ग बेरीनाग और थल के बीच मलबा आने से लगभग 3 घंटे बंद रहा।

सुबह जिले में पंडित 23 में से 5 मार्ग खुल चुके हैं 18 मोटर मार्ग अभी भी बंद हैं। कैलास मानसरोवर यात्रा का दसवां दल तिब्बत के तकलाकोट में है और नौवा दल कैलास पर्वत की परिक्रमा कर रहा है। यात्रा पूरी कर शनिवार को भारत लौटा आठवां दल आधार शिविर धारचूला से चौकोड़ी को रवाना हो चुका है।

अलकनंदा और मंदाकिनी का जलस्तर चेतावनी स्तर के करीब

रुद्रप्रयाग। जिले में रविवार को बादल और कोहरा छाया है। जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र से प्राप्त रिपोर्ट के अनुसार, बीते 24 घंटों में ऊखीमठ तहसील में 75 मिमी, जखोली में 13 मिमी बारिश दर्ज की गई, जबकि रुद्रप्रयाग तहसील में बारिश नहीं हुई। जिले का न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

रविवार सुबह आठ बजे तक अलकनंदा नदी का जलस्तर 625.80 मीटर दर्ज किया गया, जो इसके चेतावनी स्तर 626 मीटर से 20 सेंटीमीटर नीचे है। वहीं मंदाकिनी नदी 624.95 मीटर पर बह रही है, जबकि इसका चेतावनी स्तर 625 मीटर है। गंगानगर में जलस्तर 800.18 मीटर तथा गौरीकुंड में 1973.85 मीटर दर्ज किया गया।

प्रशासन के अनुसार, जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग और राज्य राजमार्ग पर यातायात सामान्य है। वहीं पीडब्ल्यूडी के तीन और पीएमजीएसवाई के पांच मार्ग प्रभावित हैं।

जिला प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों को प्राकृतिक आपदा की स्थिति से निपटने के लिए तैयारी का उच्चतम स्तर बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। साथ ही किसी भी दैवीय आपदा, दुर्घटना, मार्ग अवरुद्ध होने अथवा अन्य क्षति की सूचना तत्काल जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र को देने की अपील की गई है।

यह भी पढ़ें- UP Weather: आज भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट, लखनऊ सहित 40 जिलों में गरज-चमक के साथ तेज बरसात

यह भी पढ़ें- Uttarakhand Weather: देहरादून-चंपावत व बागेश्वर सहित कई जिलों में बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट, बिजली गिरने की चेतावनी