हिमालयी राज्यों में सबसे बड़ा उत्तराखंड का ई-चार्जिंग नेटवर्क, पिछले पांच साल में स्थापित हुए 221 स्टेशन
उत्तराखंड हिमालयी राज्यों में ईवी चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर स्थापित करने में सबसे आगे निकल गया है, पिछले पांच वर्षों में 221 ...और पढ़ें

हिमालयी राज्यों में सबसे बड़ा उत्तराखंड का ई-चार्जिंग नेटवर्क।
HighLights
उत्तराखंड हिमालयी राज्यों में ईवी चार्जिंग में अग्रणी।
पिछले पांच वर्षों में 221 ईवी चार्जिंग स्टेशन बने।
ऊर्जा निगम पर्यटन मार्गों पर फास्ट चार्जिंग बढ़ाएगा।
अश्वनी त्रिपाठी, देहरादून। इलेक्ट्रिक वाहनों की संख्या बढ़ने के साथ ही उत्तराखंड ईवी चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर स्थापित करने में हिमालयी राज्यों में सबसे आगे निकल गया है। पिछले पांच वर्षों में राज्य में 221 ईवी चार्जिंग स्टेशन स्थापित हुए, जो अन्य पहाड़ी राज्यों की तुलना में काफी अधिक है।
वाहन पंजीकरण आंकड़ों के अनुसार उत्तराखंड में कुल पंजीकृत ईवी की संख्या 1.04 लाख है। विगत तीन वर्षों में 58 हजार से अधिक नए ईवी सड़क पर उतरे। वाहनों की संख्या के सापेक्ष प्रदेश में ईवी चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर तेजी से बढ़ा है। प्रदेश में 84 फास्ट व 137 स्लो चार्जर हैं, जबकि फेम-2 योजना के तहत उत्तराखंड में 61 चार्जर स्थापित किए गए हैं।
उत्तराखंड की तुलना में जम्मू-कश्मीर में 180 और हिमाचल प्रदेश में 133 ई-चार्जिंग स्टेशन हैं। यानी उत्तराखंड में हिमाचल से 88 और जम्मू-कश्मीर से 41 अधिक चार्जिंग स्टेशन स्थापित हैं। फास्ट चार्जिंग में भी उत्तराखंड 84 स्टेशनों के साथ पहाड़ी राज्यों में अव्वल है।
बढ़ेगी बिजली खपत, ऊर्जा निगम तैयार
ईवी की संख्या बढ़ने के बावजूद ईवी चार्जिंग पर अभी सालाना 1.57 मिलियन यूनिट बिजली खर्च हो रही है, जोकि कुल खपत का 0.011 प्रतिशत है, लेकिन 2025-26 में इसे 2.36 मिलियन यूनिट, 2026-27 में 7.44 मिलियन यूनिट और 2027-28 में 23.48 मिलियन यूनिट रखा है। वर्ष 2024-25 की तुलना में 2027-28 तक ईवी चार्जिंग की अनुमानित बिजली खपत करीब 15 गुना बढ़ सकती है।
हिमालयी राज्यों में ईवी चार्जिंग की स्थिति
| राज्य | कुल | फास्ट चार्जर | स्लो चार्जर |
|---|---|---|---|
| उत्तराखंड | 221 | 84 | 137 |
| जम्मू-कश्मीर | 180 | 61 | 119 |
| हिमाचल प्रदेश | 133 | 52 | 81 |
| मेघालय | 62 | 21 | 41 |
| मणिपुर | 58 | 9 | 49 |
| त्रिपुरा | 55 | 4 | 51 |
| सिक्किम | 12 | 3 | 9 |
| लद्दाख | 1 | 0 | 1 |
उत्तराखंड में तेजी से बढ़ रही ई-वाहनों की संख्या के अनुरूप चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर का विस्तार किया जा रहा है। ऊर्जा निगम का फोकस चार्जिंग स्टेशनों को पर्याप्त विद्युत क्षमता से जोड़ने और पर्यटन व चारधाम मार्गों पर फास्ट चार्जिंग नेटवर्क मजबूत करने पर है। -आर मीनाक्षी सुंदरम, प्रमुख सचिव ऊर्जा।
यह भी पढ़ें- उत्तराखंड में आपदा के एक माह बाद पीड़ित को मिला राशन, परिवार ने लौटाई राहत सामग्री
