Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    उत्तराखंड में एसआईआर के तहत विभिन्न विभागों के राज्य स्तरीय नोडल अधिकारी नियुक्त, समय पर होगा सत्यापन

    Updated: Mon, 03 Aug 2026 10:56 PM (IST)

    मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत मतदाता सूची से जुड़े मामलों के त्वरित निस्तारण के लिए दस्तावेजों के समयबद्ध सत्यापन पर जोर ...और पढ़ें

    News Article Hero Image

    HighLights

    1. मतदाता दस्तावेजों का समय पर सत्यापन सुनिश्चित करने पर जोर।

    2. विभिन्न विभागों में राज्य स्तरीय नोडल अधिकारी नियुक्त किए गए।

    3. एसआईआर अभियान के तहत मामलों का त्वरित निस्तारण होगा।

    राज्य ब्यूरो, देहरादून। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत मतदाता सूची से जुड़े मामलों के त्वरित निस्तारण के लिए निर्वाचन आयोग ने दस्तावेजों के समयबद्ध सत्यापन पर जोर दिया है।

    मुख्य निर्वाचन अधिकारी डाॅ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम ने सोमवार को विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर निर्देश दिए कि मतदाताओं द्वारा सुनवाई के दौरान प्रस्तुत किए जा रहे सभी दस्तावेजों का तय समय सीमा में सत्यापन सुनिश्चित किया जाए। इसके लिए संबंधित विभागों में राज्य स्तरीय नोडल अधिकारियों की नियुक्ति भी कर दी गई है।

    सचिवालय स्थित मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय में आयोजित बैठक में मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि आयोग द्वारा निर्धारित 11 प्रकार के दस्तावेजों, विशेष रूप से शैक्षिक प्रमाणपत्र, स्थायी निवास प्रमाणपत्र, जाति प्रमाणपत्र, जन्म प्रमाणपत्र और परिवार रजिस्टर के सत्यापन में किसी प्रकार की देरी नहीं होनी चाहिए।

    उन्होंने विभागीय अधिकारियों को जिला स्तर पर तैनात नोडल अधिकारियों के साथ समन्वय बनाकर राज्य स्तर पर नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए।

    दस्तावेजों के सत्यापन के लिए माध्यमिक शिक्षा निदेशक और उच्च शिक्षा निदेशक को शैक्षिक प्रमाणपत्रों का नोडल अधिकारी बनाया गया है। स्थायी निवास, जाति एवं भवन आवंटन प्रमाणपत्रों के सत्यापन की जिम्मेदारी राजस्व परिषद को सौंपी गई है। जन्म प्रमाणपत्रों के सत्यापन के लिए शहरी विकास और स्वास्थ्य विभाग के निदेशकों को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।

    वहीं, परिवार रजिस्टर एवं भवन आवंटन संबंधी अभिलेखों के लिए पंचायतीराज विभाग तथा विभिन्न आनलाइन सेवाओं के सत्यापन के लिए आईटीडीए को राज्य स्तरीय नोडल अधिकारी बनाया गया है।

    मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि इस व्यवस्था का उद्देश्य नोटिसों की सुनवाई के दौरान मतदाताओं द्वारा प्रस्तुत दस्तावेजों का शीघ्र सत्यापन कर मामलों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करना है, ताकि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान निर्धारित समय में प्रभावी ढंग से पूरा किया जा सके।

    खबरें और भी

    बैठक में अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे, उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी किशन सिंह नेगी सहित उच्च शिक्षा, माध्यमिक शिक्षा, शहरी विकास, पंचायतीराज, स्वास्थ्य, राजस्व विभाग और आईटीडीए के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

    एसआईआर को लेकर अब फील्ड विजिट में जुटे अधिकारी

    एसआईआर को गति देने के लिए अब अधिकारी भी फील्ड पर उतरने लगे हैं। इस कड़ी में मुख्य निर्वाचन अधिकारी डा बीवीआरसी पुरुषोत्तम हरिद्वार पहुंचे और राजनीतिक दलों के साथ बैठक करने के साथ ही क्षेत्र भ्रमण भी किया।

    वहीं, अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डाॅ. विजय जोगदंडे ने देहरादून में एसआईआर कार्यों में जुटे अधिकारियों के साथ बैठक की। संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रकाश चंद दुम्का ने चंपावत तो सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तूदास ने उत्तरकाशी में बैठक की।