उत्तराखंड बनेगा वैश्विक वेडिंग डेस्टिनेशन, CM धामी ने पीएम मोदी को दी जानकारी
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री मोदी को उत्तराखंड को वैश्विक वेडिंग डेस्टिनेशन बनाने की प्रगति बताई। चोपता, दुगलबिट्टा जैसे क्षेत्रों में ...और पढ़ें

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से शुक्रवार को दिल्ली में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भेंट की।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
राज्य ब्यूरो, देहरादून। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री द्वारा दिए गए सुझावों और मार्गदर्शन पर राज्य सरकार की ओर से की गई कार्यवाही की विस्तार से जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि उत्तराखंड को वैश्विक वेडिंग डेस्टिनेशन के रूप में विकसित करने के लिए चोपता, दुगलबिट्टा, पटवाडांगर व शारदा कारीडोर क्षेत्र में कार्य किया जा रहा है।
रामनगर, देहरादून, ऋषिकेश व त्रियुगीनारायण पहले ही लोकप्रिय वेडिंग डेस्टिनेशन बन चुके हैं। राज्य में वेडिंग डेस्टिनेशन के दृष्टिगत नीति भी तैयार की जा रही है।
उन्होंने कुंभ के लिए 500 करोड़ की सहायता समेत विभिन्न योजनाओं में सहयोग के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया।
आध्यात्मिक आर्थिक क्षेत्र चिह्नित
मुख्यमंत्री ने पीएम को बताया कि राज्य में आध्यात्मिक आर्थिक क्षेत्र के रूप में बेल केदार, अंजनीसैंण-टिहरी और लोहाघाट-श्यामलाताल क्षेत्रों को चिह्नित किया गया है।
शीतकालीन यात्रा में श्रद्धालुओं की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। आदि कैलास की यात्रा में वर्ष 2025 में 36453 श्रद्धालु दर्शन को आए।
उन्होंने साहसिक पर्यटन को बढ़ावा देने, स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन के लिए हाउस आफ हिमालयाज के माध्यम से स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंचाने के साथ ही शिक्षा, पर्यटन, ग्रामीण अर्थव्यवस्था, एक जिला-एक मेला, क्लस्टर विद्यालय समेत अन्य पहल की जानकारी भी दी।
कोटद्वार, हरिद्वार व दून बनें रक्षा उपकरण निर्माण के हब
उत्तराखंड में रक्षा उपकरण निर्माण इकाइयों की स्थापना के लिए नीति समर्थन व प्राथमिकता देने का आग्रह भी मुख्यमंत्री ने किया।
उन्होंने राज्य की सामरिक स्थिति, उपलब्ध प्रशिक्षित मानव संसाधन और विकसित ढांचे को इस दिशा में उपयुक्त बताया। साथ ही आग्रह किया कि कोटद्वार, हरिद्वार व देहरादून को रक्षा उपकरण उत्पाद इंडस्ट्रियल हब के रूप में विकसित किया जाए।
साथ ही रायवाला क्षेत्र में बीआइ-डक ब्रिज और उत्तरकाशी में चिन्यालीसौड़ हवाई पट्टी के विस्तार की जरूरत पर बल दिया।
पीएम को यह भी दी जानकारी
- उत्तराखंड में 6000 से अधिक होम स्टे हो चुके पंजीकृत।
- उत्तरास्टेज नाम से देश का पहला निश्शुल्क मार्केटिंग पोटल विकसित।
- अल्मोड़ा के चौबटिया में विकसित हो रहे सेब, चेरी, प्लम व नाशपाती के सेंटर आफ एक्सीलेंस।
- वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम में शामिल गांवों में स्थानीय संस्कृति, भोजन व हस्तशिल्प को दिया जा रहा बढ़ावा।
- सौर ऊर्जा आधारित परियोजनाओं के माध्यम से हजारों परिवारों को उपलब्ध हुआ रोजगार।
- देवभूमि परिवार योजना से परिवारों का एकीकृत डिजिटल डाटाबेस किया जा रहा तैयार।
- पूर्व अग्निवीरों को राज्याधीन सेवाओं में 10 प्रतिशत आरक्षण को अग्निवीर आरक्षण नियमावली लागू।
- उत्तराखंड जनविश्वास विधेयक के माध्यम से विभिन्न अधिनियमों में संशोधन कर सरल की गई प्रक्रिया।
- ईज आफ डूइंग बिजनेस को बढ़ावा देने को औद्योगिक श्रम, खनन, राजस्व व शहरी विकास क्षेत्रों में व्यापक सुधार।
यह भी पढ़ें- नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मिले CM धामी, उत्तराखंड आगमन का दिया निमंत्रण