यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 05, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Uttarakhand Weather: दिनभर मौसम ने बदले कई रंग, ठंड ने किया तंग; कोहरे व पाला ने बढ़ाई परेशानी
Uttarakhand Weather Update उत्तराखंड में इन दिनों कड़ाके की ठंड पड़ रही है। ऊधमसिंह नगर और हरिद्वार में सुबह और रात के समय घने कोहरे को लेकर आरेंज अलर ...और पढ़ें

HighLights
- शहर और आसपास के क्षेत्रों में सुबह छाया रहा घना कोहरा, दोपहर में खिली धूप और शाम को चली सर्द हवाएं
- गुरुवार को रुड़की का अधिकतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान छह डिग्री सेल्सियस दर्ज
जागरण संवाददाता, रुड़की/देहरादून। उत्तराखंड में शुष्क मौसम के बीच कड़ाके की ठंड पड़ रही है। ज्यादातर क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान में तेजी से गिरावट दर्ज की जा रही है। साथ ही दिन में सर्द हवाएं कंपकंपी बढ़ा रही हैं।
मैदानी क्षेत्रों में घने कोहरे ने परेशानी बढ़ाई हुई है। पर्वतीय क्षेत्रों में भी पाला मुसीबत बना हुआ है। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह के अनुसार राज्य में अगले कुछ दिन प्रदेश में मौसम शुष्क बना रह सकता है।
ऊधमसिंह नगर और हरिद्वार में सुबह और रात के समय घने कोहरे को लेकर आरेंज अलर्ट जारी किया गया है। आसपास के अन्य मैदानी जिलों में भी कोहरे को लेकर यलो अलर्ट है। आगामी नौ जनवरी को ताजा पश्चिमी विक्षोभ के दस्तक देने से वर्षा-बर्फबारी के आसार बन रहे हैं।
रुड़की में छाया कोहरा
शहर और आसपास के क्षेत्रों में कई दिन से दिनभर कोहरा छाए रहने से गुरुवार को थोड़ी राहत मिली। सुबह 11 बजे शहर में धूप खिली। जिससे ठंड से कुछ राहत मिली। लेकिन, दोपहर बाद शाम ढलने के साथ ही सर्द हवाओं ने कंपकंपी छुड़ा दी। जिसकी वजह से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
गुरुवार को रुड़की का अधिकतम तापमान जहां 17 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, वहीं न्यूनतम तापमान छह डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। सुबह के समय कोहरे की वजह से दृश्यता 30 मीटर से भी कम रही, जिसकी वजह से वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
हालांकि सुबह दस बजे से कोहरा छंटना शुरू हो गया। दोपहर तक धूप निकल आई, जिसकी वजह से राहत मिल गई। इसके बाद शाम तीन बजे से सर्द हवाओं ने आम जन की परेशानी को बढ़ा दिया। सर्द हवाओं की वजह से लोगों की कंपकंपी छूट गई। बाजार में अधिकांश दुकानें जल्द बंद होना शुरू हो गई।
अलाव की हुई व्यवस्था
वहीं, नगर निगम की ओर से रुड़की शहर में 17 स्थानों पर अलाव की व्यवस्था की गई है। हालांकि अलाव पर कम मात्रा में ही लकड़ियां डाली जा रही है, जिसकी वजह से वह थोड़ी देर में ही ठंडे पड़ जा रहे हैं।
नगर आयुक्त विजयनाथ शुक्ल का कहना है कि नगर निगम की ओर से सभी अलाव स्थल पर पर्याप्त लकड़ी डाली जा रही है। निगम के सहायक अभियंता को निर्देश दिए गए हैं कि अच्छी लकड़ी डाली जाए, ताकि देर तक अलाव चलते रहे। जैसे-जैसे सार्वजनिक स्थान पर अलाव जलाने की मांग आती हैं, वैसे ही व्यवस्था की जाएगी।

