विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Uttarakhand Weather: पंचाचुली पहाड़ों पर हुई बर्फबारी से बदला मौसम, कई जिलों में सड़कें बंद; यलो अलर्ट जारी

Published: Tue, 15 Sep 2026 07:30 AM (IST)Updated: Tue, 15 Sep 2026 08:46 AM (IST)

उत्तराखंड में पिछले दो दिनों से वर्षा और पंचाचुली में हिमपात जारी है, जिससे कई जिलों में सड़कें बंद हो ...और पढ़ें

Uttarakhand Weather: सांकेतिक तस्वीर।

Uttarakhand Weather: सांकेतिक तस्वीर।

HighLights

  1. उत्तराखंड में दो दिनों से लगातार वर्षा और पंचाचुली में हिमपात।

  2. पिथौरागढ़ में 15 सड़कें बंद, कैलाश मानसरोवर यात्रा मार्ग भी बाधित।

  3. पहाड़ी क्षेत्रों में भारी वर्षा और आकाशीय बिजली का येलो अलर्ट।

जागरण संवाददाता, देहरादून। Uttarakhand Weather: उत्तराखंड में पहाड़ से मैदान तक मौसम का मिजाज बदला हुआ है। प्रदेश के ज्यादातर क्षेत्रों में बीते दो दिनों से वर्षा का दौर जारी है। देहरादून समेत कई इलाकों में झमाझम वर्षा हुई। मौसम विभाग का पहाड़ी क्षेत्र को लेकर किया गया पूर्वानुमान सही निकला। पंचाचुली में हिमपात हुआ है। वहीं कई जिलों में बारिश हुई है। 

नैनीताल में मंगलवार को बादल छाए हुए हैं। यहां झील से 18 इंच पानी की निकासी की गई है। वहीं पिथौरागढ़ में रात को जिले के विभिन्न क्षेत्रों में वर्षा हुई, अभी हल्के बादलों के बीच धूप खिली है। कैलास मानसरोवर यात्रा मार्ग चौथे दिन भी बंद है। चीन सीमा का संपर्क कटा हुआ है। वहीं टनकपुर पिथौरागढ़ हाईवे में घाट बैंड पर अभी भी पत्थर गिरने से यातायात बाधित हो रहा है। जिले में 15 सड़के बंद हैं।

snow fall small uk

पंचाचुली में हुआ हिमपात

धारचूला में भारी बारिश से मकानों पर खतरा

धारचूला में भारी वर्षा से मकानों पर खतरा मंडराया है। चंपावत में आज मौसम ठीक है, यहां धूप खिली है। यहां न्यूनतम तापमान 16 और अधिकतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। धारचूला तहसील के ताकुल गांव के मल्ला घट्टाबगड़ तोक में भारी बारिश से दो मकानों को खतरा पैदा हो गया है। मूंगा देवी और कमला देवी के घर का आंगन पूरी तरह ध्वस्त हो चुका है। आंगन धंसने से अब आवासीय मकान भी चपेट में आ गया है और कभी भी नुकसान हो सकता है। प्रभावित परिवारों ने प्रशासन से तत्काल सर्वे कर राहत प्रदान करने की गुहार लगाई है। 

पहाड़ों में आकाशीय बिजली और तेज वर्षा की चेतावनी

देहरादून में मंगलवार सुबह से रिमझिम बारिश होती रही। दोपहर बाद वर्षा थम गई और शाम को धूप निकल आई। वहीं, कुमाऊं के कई क्षेत्रों में जोरदार बारिश हुई। लगातार बारिश के बावजूद तापमान सामान्य के आसपास बना हुआ है। मौसम विभाग ने पर्वतीय जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है।

इन क्षेत्रों में कहीं-कहीं गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने के अलावा वर्षा के तीव्र से अति तीव्र दौर होने की आशंका है।

यह भी पढ़ें- केदारनाथ धाम के लिए हेली सेवाएं आज से, हेमकुंड साहिब की बुकिंग भी जारी

मैदानों में कल से कमजोर पड़ सकता है बारिश का सिलसिला

ऐसे में पर्वतीय क्षेत्रों में लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। मौसम विभाग के अनुसार, पर्वतीय क्षेत्रों में अगले कुछ दिन वर्षा और बौछारों का दौर बना रह सकता है। हालांकि, मैदानी क्षेत्रों में बुधवार से बारिश की गतिविधियां धीमी पड़ने के आसार हैं। मौसम में बदलाव के बीच लोगों को विशेषकर पर्वतीय मार्गों पर आवाजाही के दौरान सतर्कता बरतने की जरूरत है।

यह भी पढ़ें- महंगाई से राहत: देहरादून में नासिक की प्याज 35₹/KG, रेट सुनकर पहुंच गई पब्लिक; एक दिन में 800 किलो बिकी

अल्माेड़ा में बादलों के बीच खिली धूप

अल्मोड़ा में आंशिक बादलों के बीच धूप खिली है। वर्षा के बाद मलबा आने से तीन ग्रामीण सड़कें बंद हैं। न्यूनतम तापमान 18 व अधिकतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रहने का पूर्वानुमान व्यक्त किया गया है।