Uttarakhand Weather Today: उत्तराखंड में शुष्क हुआ मौसम, फिर गर्मी ने दिखाए तेवर
उत्तराखंड में मौसम शुष्क होने के बाद गर्मी ने फिर से जोर पकड़ लिया है, मैदानी इलाकों में तापमान 37 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया है। ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, देहरादून। उत्तराखंड में मौसम एक बार फिर शुष्क हो गया है। पिछले दिनों हुई बारिश से मिली राहत के बाद अब प्रदेश में गर्मी ने दोबारा तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं।
मौसम शुष्क होने और अधिकांश क्षेत्रों में चटख धूप खिलने से तापमान में तेजी से बढ़ोतरी दर्ज की गई।
खासकर मैदानी इलाकों में अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच गया है, जिससे दिन के समय लोगों को उमस और गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। आज भी मैदानी क्षेत्रों में मौसम शुष्क बना रह सकता है।
शनिवार को देहरादून समेत आसपास के क्षेत्रों में सुबह से ही तेज धूप खिली रही। जिससे दोपहर में तपिश बढ़ गई और गर्मी ने बेहाल किया। पहाड़ों में भी पारा चढ़ने से दिन गर्म हो गए।
कुमाऊं में कहीं-कहीं हल्की वर्षा भी दर्ज की गई। बीते 24 घंटे के दौरान मैदानी क्षेत्रों में अधिकतम तापमान में पांच से छह डिग्री सेल्सियस तक की वृद्धि दर्ज की गई।
हालांकि, तापमान अभी भी सामान्य के आसपास बना हुआ है, लेकिन तेजी से बढ़ती गर्मी ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। पर्वतीय क्षेत्रों में भी तापमान में बढ़ोतरी के असर हैं।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार आज राज्य के पर्वतीय जनपदों में कहीं-कहीं बहुत हल्की वर्षा या गर्जन के साथ बारिश हो सकती है। वहीं, हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर जिलों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है।
अगले दो से तीन दिनों के दौरान प्रदेश में अधिकतम तापमान में एक से तीन डिग्री सेल्सियस तक और वृद्धि हो सकती है। इसके बाद तापमान में किसी बड़े बदलाव के आसार नहीं हैं।
- विभिन्न शहरों का तापमान
- शहर, अधिकतम, न्यूनतम
- देहरादून, 35.8, 20.5
- पंतनगर, 37.8, 22.6
- मुक्तेश्वर, 19.7, 13.7
- नई टिहरी, 25.3, 11.6
यह भी पढ़ें- उत्तराखंड में बारिश-आंधी का दौर जारी, 25 जून तक मानसून पहुंचने के आसार
यह भी पढ़ें- उत्तराखंड में तीन दिन होगी तेज बारिश, IMD का अलर्ट; एहतियात बरतने की सलाह