विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Uttarakhand Weather: पिथौरागढ़-बागेश्वर में ऑरेंज अलर्ट, दून-नैनीताल सहित कई जिलों में भारी बारिश, IMD की चेतावनी

Updated: Sat, 15 Aug 2026 07:53 AM (IST)

Uttarakhand Weather:उत्तराखंड में अगले दो-तीन दिन मानसून के तेवर तीखे रहेंगे, जिससे भारी बारिश, जलभराव और भूस्खलन की घटनाएं होंगी।

Uttarakhand Weather: भारी बारिश के बीच से गुजरते वाहन सवार। फाइल

Uttarakhand Weather: भारी बारिश के बीच से गुजरते वाहन सवार। फाइल

HighLights

  1. उत्तराखंड में अगले दो-तीन दिन मानसून रहेगा सक्रिय

  2. पिथौरागढ़, बागेश्वर, देहरादून, नैनीताल में ऑरेंज अलर्ट जारी

  3. भारी बारिश से जलभराव, भूस्खलन, तापमान में गिरावट

जागरण संवाददाता, देहरादून। Uttarakhand Weather: उत्तराखंड में मानसून अगले दो से तीन दिन और तीखे तेवर दिखा सकता है। देहरादून समेत प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में शुक्रवार को दिनभर बादलों का डेरा रहा और कई क्षेत्रों में भारी बारिश हुई। मैदानी इलाकों में वर्षा के कारण जगह-जगह जलभराव की स्थिति बनी, जबकि पर्वतीय क्षेत्रों में तेज बारिश के चलते भूस्खलन की घटनाओं से दुश्वारियां बढ़ गईं। मौसम विभाग ने शनिवार और रविवार को भी कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।

देहरादून समेत कई जिलों में भारी बारिश से जनजीवन बेहाल

शुक्रवार को मैदानी क्षेत्रों में भारी बारिश से कई जगह सड़कें जलमग्न हो गईं और यातायात प्रभावित हुआ। वहीं पहाड़ों में बारिश के कारण भूस्खलन की घटनाएं सामने आने से लोगों की मुश्किलें बढ़ीं। भारी बारिश के चलते ज्यादातर क्षेत्रों में तापमान में भी भारी गिरावट दर्ज की गई। दून में पारा करीब चार डिग्री सेल्सियस तक लुढ़क गया।

पिथौरागढ़-बागेश्वर में आज आरेंज अलर्ट, कई जिलों में यलो अलर्ट

शनिवार के लिए पिथौरागढ़ और बागेश्वर में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी वर्षा के साथ गरज-चमक और आकाशीय बिजली चमकने की आशंका है। साथ ही वर्षा के अति तीव्र से अत्यंत तीव्र दौर हो सकते हैं। देहरादून, हरिद्वार, टिहरी, पौड़ी, चमोली, उत्तरकाशी, नैनीताल और चंपावत में कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना है। प्रदेश के शेष जिलों में भी गरज-चमक के साथ तेज से अति तेज वर्षा के दौर हो सकते हैं।

शहर, अधिकतम, न्यूनतम

  1. देहरादून, 27.0, 24.3
  2. पंतनगर, 29.0, 25.0
  3. मुक्तेश्वर, 17.7, 16.5
  4. नई टिहरी, 21.4, 17.4

बिजली चमकने और वर्षा के अत्यंत तीव्र दौर की आशंका भी

रविवार को मौसम और ज्यादा सक्रिय रहने का अनुमान है। देहरादून, चंपावत, बागेश्वर, ऊधमसिंह नगर और नैनीताल में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में आकाशीय बिजली चमकने और वर्षा के अत्यंत तीव्र दौर की आशंका भी जताई गई है।

यह भी पढ़ें- Uttarakhand Weather: देहरादून-नैनीताल समेत 4 जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट, IMD की चेतावनी जारी

यह भी पढ़ें- मुंबई में जमकर बरस रहा मानसून: दिल्ली-यूपी समेत 17 राज्यों में भारी बारिश-आंधी का अलर्ट; IMD की चेतावनी जारी