विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 29, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Uttarakhand Weather: मैदानी क्षेत्रों में कोहरा बढ़ा सकता है दुश्वारी, यहां जानें अब कब होगी बर्फबारी?

Published: Wed, 29 Jan 2025 07:47 PM (IST)

Uttarakhand Weather Update उत्तराखंड में मौसम शुष्क है और तापमान सामान्य से अधिक है। हालांकि सुबह-शाम ठिठुरन बनी हुई है। ...और पढ़ें

Uttarakhand Weather Update: पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की वर्षा-बर्फबारी होने की आशंका. File Photo
Uttarakhand Weather Update: पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की वर्षा-बर्फबारी होने की आशंका. File Photo

HighLights

  1. अगले कुछ दिन मैदानी क्षेत्रों में हल्का कोहरा छाया रह सकता है
  2. गुरुवार को प्रदेश के ज्यादातर क्षेत्रों में मौसम शुष्क बना रहने का अनुमान

जागरण संवाददाता, देहरादून। Uttarakhand Weather Update: उत्तराखंड में मौसम शुष्क है और तापमान भी सामान्य से अधिक बना हुआ है। हालांकि, सुबह-शाम ठिठुरन बनी हुई है। अगले कुछ दिन मैदानी क्षेत्रों में हल्का कोहरा छाया रह सकता है। पहाड़ी क्षेत्रों में पाला दुश्वारी बढ़ा सकता है। पारे में मामूली व़द्धि हो सकती है।

दून में बुधवार को भी सुबह हल्की धुंध के बाद दिनभर धूप खिली रही। शाम को हल्की हवाओं ने जरूर ठिठुरन बढ़ा दी। दून का अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य से अधिक दर्ज किया गया। अन्य शहरों में भी अधिकतम तापमान सामान्य से दो से चार डिग्री सेल्सियस तक अधिक है। ऐसे में दिन में ठंड में कमी है, लेकिन सुबह-शाम अभी कंपकंपी महसूस की जा रही है।

यह भी पढ़ें- ट्रैकरों के लिए उत्‍तराखंड में खास सौगात, केदारकांठा के बर्फ से ढके पहाड़ और बांसुरी वाले बाबा देते हैं अनूठा एहसास

गुरुवार को ऐसा रहेगा मौसम

  • मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह के अनुसार, गुरुवार को प्रदेश के ज्यादातर क्षेत्रों में मौसम शुष्क बना रहने का अनुमान है।
  • मैदानी क्षेत्रों में हल्का कोहरा छाया रह सकता है।
  • वहीं, पर्वतीय क्षेत्रों में पाला परेशानी बढ़ा सकता है।
  • आगामी एक फरवरी को पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से प्रदेश में कहीं-कहीं बादल विकसित हो सकते हैं।
  • पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की वर्षा-बर्फबारी होने की आशंका है। जिससे पारे में गिरावट आ सकती है।

शहर, अधिकतम, न्यूनतम

  • देहरादून, 23.6, 8.5
  • ऊधमसिंह नगर, 23.4, 6.2
  • मुक्तेश्वर, 16.6, 5.7
  • नई टिहरी, 16.2, 5.2

नैनीताल में बिन बरसे लौट गए बादल

नैनीताल: सरोवर नगरी बुधवार को छाए बादल बिन बरसे ही लौट गए। मौसम विभाग ने तीन फरवरी से वर्षा की संभावना जताई है। इस बीच मौसम शुष्क बना रहेगा। नगर के आसमान में सुबह बादलों ने डेरा डाल दिया था। जिस कारण वर्षा के कयास लगाए जाने लगे थे, लेकिन बारिश तो नहीं हुई, अलबत्ता दोपहर में को कोहरे की चादर बिछनी शुरू हो गई। जिस कारण ठंड में बढ़ोतरी हो गई।

राज्य मौसम विभाग द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार फिलहाल मौसम शुष्क बने रहने की संभावना है। तीन फरवरी से पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने जा रहा है। जिसका असर चार फरवरी तक जारी रहेगा। इस दौरान हल्की से मध्यम स्तर बारिश की संभावना रहेगी।

यह भी पढ़ें- उत्‍तराखंड में 105 साल से स्‍टोर रूम में ‘कैद’ भगवान, लोगों को 65 से अधिक मूर्तियों व शिवलिंग के दर्शन का इंतजार

शीतकाल में बारिश नहीं होने से नैनी झील के जलस्तर में निरंतर गिरावट बनी हुई है, जो सात फीट से नीचे जा पहुंचा है। जीआइसी मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार अधिकतम तापमान 18 व न्यूनतम आठ डिग्री सेल्सियस रहा। आद्रता अधिकतम 79 व न्यूनतम 50 प्रतिशत रही।

तराई में शीतलहर चलेगी

रुद्रपुर : तराई में धूप खिलने के साथ शीतलहर चलेगी। पंतनगर विवि के मौसम विज्ञानी डा. आरके सिंह ने बताया कि गुरुवार को मौसम साफ रहेगा। दिन में धूप खिलेगी। शीत लहर चलेगी। शाम और सुबह हल्का से मध्यम कोहरा होगा। बुधवार को आर्द्रता सुबह के समय 92 और दोपहर बाद 54 प्रतिशत आंकी गई।

ऊंची चोटियों सहित हिमालयी गांवों में हिमपात

पिथौरागढ़/धारचूला/मुनस्यारी : सीमांत में मौसम का मिजाज बदल चुका है। निचले क्षेत्रों में दिन में धूप-छांव चलती रही तो वहीं ऊंची चोटियों और उच्च हिमालय में हिमपात हुआ। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। हिमनगरी मुनस्यारी में न्यूनतम तापमान एक डिग्री सेल्सियस पहुंचा है।

बुधवार सुबह एक बार धूप खिली और बाद में बादल घिरने लगे। दिन में धूप-छांव का खेल चलता रहा और ठंडी हवाएं बहने से तापमान में भी गिरावट आ गई। हिमालय की ऊंची चोटियों नंदा देवी, नंदा कोट, त्रिशूल, राजरंभा, पंचाचूली सहित सभी चोटियों पर पूर्वाह्न के आसपास से हिमपात होने लगा।

धारचूला से मिली सूचना के अनुसार लिपुलेख, नावीढांग, कालापानी, गुंजी, नाबी, कुटी, ज्योलिंगकोंग आदि कैलास, ओम पर्वत, छियालेक तक हिमपात हो रहा है। दारमा घाटी में भी गावों में हिमपात की सूचना है। मुनस्यारी से मिली जानकारी के अनुसार ऊंची चोटियों सहित उच्च हिमालयी मल्ला जोहार के गांवों में भी हिमपात हो रहा है। हिमनगरी मुनस्यारी में कड़ाके की ठंड पड़ रही है।

मुनस्यारी का अधिकतम तापमान आठ डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान एक डिग्री सेल्सियस पहुंचा है। पूरे जिले में तापमान में गिरावट आ चुकी है। वर्षा नहीं होने से लोगों में मायूसी छाई है। सांझ घिरते ही बादल छट चुके हैं और आसमान साफ हो चुका है। रात्रि को पाला गिरने की संभावना है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।