Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 20, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

    Uttarakhand Weather: उत्‍तराखंड में मानसून ने पकड़ा जोर, नदियां हुईं विकराल; आज तीन जिलों में बहुत भारी बारिश का अलर्ट

    Updated: Sat, 20 Jul 2024 01:24 PM (IST)

    Uttarakhand Weather उत्तराखंड में पहाड़ से मैदान तक बादल मंडरा रहे हैं लेकिन गढ़वाल के ज्यादातर क्षेत्रों में वर्षा नहीं हो रही है। दून में धूप और बाद ...और पढ़ें

    Uttarakhand Weather: अलकनंदा व मंदाकिनी नदी के जलस्तर में भारी बढ़ोतरी
    Uttarakhand Weather: अलकनंदा व मंदाकिनी नदी के जलस्तर में भारी बढ़ोतरी

    HighLights

    1. बारिश के कारण नदियों ने विकराल रूप लिया
    2. आज चंपावत, नैनीताल, ऊधमसिंह नगर में भारी से बहुत भारी वर्षा का ऑरेंज अलर्ट

    जागरण संवाददाता, देहरादून। Uttarakhand Weather: दून में धूप और बादलों की आंख-मिचौनी से उमस बढ़ गई है। हालांकि, शहर के बाहरी क्षेत्रों में तीव्र बौछारों के दौर जारी हैं। देर शाम भी दून में तेज हवा के साथ बौछारें पड़ीं।

    वहीं रात को मूसलधार वर्षा से शहर के चौक- चौराहे जलमग्न हो गए। गर्मी से राहत तो मिली लेकिन भारी वर्षा से जलभराव ने लोगों की मुश्किल बढ़ा दी। मौसम विभाग की ओर से दून में आज भी कहीं-कहीं मध्यम से तीव्र वर्षा के आसार हैं।

    मलबा आने से 13 मोटर मार्ग बंद

    जौनसार बावर व पछवादून में भूस्खलन से मलबा आने पर 13 मोटर मार्ग बंद हो गए हैं। जिसमें दो राज्य मार्ग, एक मुख्य जिला मार्ग, एक अन्य जिला मार्ग शामिल है। पीएमजीएसवाई कालसी के चार, लोनिवि चकराता के दो, लोनिवि साहिया के पांच, लोनिवि प्रांतीय खंड देहरादून के दो मोटर मार्ग बंद हैं।

    गढ़वाल में हाईवे की स्थिति

    नरेंद्रनगर - रानी पोखरी रोड मलबा आने से बंद है। टिहरी जिले में 12 लिंक रोड मलबा आने से बंद हैं। राजमार्ग खुले हैं।

    चमोली में शुक्रवार रात बारिश हुई। वहीं शनिवार को मौसम साफ हो गया। बदरीनाथ हाईवे सहित जनपद चमोली अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग यातायात हेतु सामान्य सुचारू हैं। बदरीनाथ व हेमकुंड यात्रा जारी है।

    उत्तरकाशी जिले में मौसम साफ है। गंगोत्री और यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर वर्तमान में यातायात सुचारू है। शनिवार को सुबह के दौरान गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग नलूणा और यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग डाबरकोट के पास करीब एक से दो घंटे बंद रहा। जनपद में दो संपर्क मार्ग अवरुद्ध हैं।

    अलकनंदा व मंदाकिनी नदी के जलस्तर में भारी बढ़ोतरी

    वहीं शनिवार को गढ़वाल के रुद्रप्रयाग जिले में बारिश के कारण नदियों ने विकराल रूप ले लिया। अलकनंदा व मंदाकिनी नदी के जलस्तर में भारी बढ़ोतरी हुई है। दोनों नदियां उफान पर हैं। नदी किनारे रहने वालों लोगों से सतर्क रहने के लिए कहा गया है।

    खबरें और भी

    कुमाऊं में भारी वर्षा का क्रम

    उत्तराखंड में पहाड़ से मैदान तक बादल मंडरा रहे हैं, लेकिन गढ़वाल के ज्यादातर क्षेत्रों में वर्षा नहीं हो रही है। देहरादून के कुछ क्षेत्रों में और कुमाऊं में भारी वर्षा का क्रम बना हुआ है। दून में शुक्रवार को सुबह धूप खिली और दोपहर तक उमसभरी गर्मी ने बेहाल किया।

    इसके बाद आसमान में बादल मंडराने लगे और राजपुर, मालसी, जोहड़ी, सहस्रधारा क्षेत्र में जोरदार वर्षा हुई। जिससे क्षेत्र के बरसाती नाले उफान पर आ गए। शहर में भी रात करीब साढ़े आठ बजे गरज-चमक के साथ बौछारों का दौर शुरू हो गया।

    आज ऐसा रहेगा मौसम का मिजाज

    अगले कुछ दिन मानसून की वर्षा और जोर पकड़ सकती है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, आज चंपावत, नैनीताल, ऊधमसिंह नगर में भारी से बहुत भारी वर्षा को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। जबकि, देहरादून, पौड़ी, पिथौरागढ़, बागेश्वर व अल्मोड़ा में भी कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ भारी वर्षा हो सकती है, जिसे लेकर यलो अलर्ट है

    • शहर, अधिकतम, न्यूनतम
    • देहरादून, 33.7, 25.7
    • ऊधमसिंह नगर, 32.2, 27.2
    • मुक्तेश्वर, 22.0, 15.8
    • नई टिहरी, 25.9, 19.1