यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Apr 21, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Uttarakhand Weather: मैदानी क्षेत्रों में आज से चटख धूप लेगी परीक्षा, और चढ़ेगा पारा
Uttarakhand Weather उत्तराखंड में मौसम बदला हुआ है। मौसम विभाग ने पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की वर्षा की संभावना जताई है जबकि मैदानी इलाकों में आज से म ...और पढ़ें

HighLights
- पर्वतीय क्षेत्रों में कहीं-कहीं आंशिक बादल छाने व बूंदाबांदी के आसार
- दून में पारा 36 के करीब, अगले कुछ दिनाें में पहाड़ से मैदान तक गर्मी बढ़ने की आशंका
जागरण संवाददाता, देहरादून। Uttarakhand Weather : उत्तराखंड में पिछले कुछ दिनों से मौसम का मिजाज बदला हुआ है। मौसम विभाग ने प्रदेशभर में अंधड़, ओलावृष्टि व तीव्र वर्षा की चेतावनी दी थी, लेकिन मैदानी क्षेत्रों में मौसम सामान्य ही रहा।
बादल मंडराने से उमस बढ़ गई और पारा भी सामान्य से अधिक दर्ज किया गया। पर्वतीय क्षेत्रों में कहीं-कहीं झमाझम वर्षा हुई और तेज हवाओं ने भी मुश्किलें बढ़ाईं।
मौसम विभाग के अनुसार, आज भी पर्वतीय क्षेत्रों में आंशिक बादल छाये रह सकते हैं और कहीं-कहीं हल्की वर्षा हो सकती है। मैदानी क्षेत्रों में मौसम शुष्क रहने के आसार हैं।
.jpg)
उमसभरी गर्मी ने किया बेहाल
दून में रविवार को सुबह से बादल मंडराते रहे। दोपहर में कहीं-कहीं चटख धूप भी खिली। दिनभर दून में उमसभरी गर्मी ने बेहाल किया। हालांकि, शाम को बादलों का डेरा डालने से वर्षा के आसार बने रहे। उधर, पर्वतीय क्षेत्रों में कई जगह पिछले दो दिन से रुक-रुककर वर्षा के दौर हो रहे हैं।
प्रदेश में कहीं-कहीं तेज हवा चलने और ओलावृष्टि की भी सूचना है। इस बीच ज्यादातर क्षेत्रों में तापमान सामान्य से अधिक बना हुआ है। खासकर देहरादून में अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य से दो से तीन डिग्री सेल्सियस अधिक है। चमोली और उत्तरकाशी में सर्वाधिक वर्षा व ओलावृष्टि हुई, जिससे ऊंचाई वाले क्षेत्रों में ठंड महसूस की गई।
मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह के अनुसार, आज भी उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग और पिथौरागढ़ में आंशिक बादल छाने और हल्की वर्षा की आशंका है। शेष जिलों में मौसम शुष्क बना रह सकता है। तापमान सामान्य से अधिक बना रहने का अनुमान है। अगले कुछ दिनों में मैदानी क्षेत्रों में गर्मी बढ़ने के साथ चटख धूप परीक्षा ले सकती है।