यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Feb 12, 2019 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
राघवी के शतक से उत्तराखंड की पुदुचेरी पर बड़ी जीत
वूमेंस क्रिकेट अंडर-19 वनडे लीग में उत्तराखंड ने पुदुचेरी को 185 रनों से करारी शिकस्त देकर चार अंक प्राप्त किए। उत्तराखंड की राघवी ने शानदार शतकीय पार ...और पढ़ें

देहरादून, जेएनएन। वूमेंस क्रिकेट अंडर-19 वनडे लीग में उत्तराखंड ने पुदुचेरी को 185 रनों से करारी शिकस्त देकर चार अंक प्राप्त किए। उत्तराखंड की राघवी ने शानदार शतकीय पारी खेलते हुए नाबाद 168 रन बनाए। इसके अलावा अन्य मैचों में बिहार ने सिक्किम को 152 रनों से और नागालैंड ने मेघालय को 140 रनों से हराकर पूरे अंक हासिल किए।
देहरादून के तीन मैदानों पर चल रहे वूमेंस क्रिकेट अंडर-19 मुकाबलों में पहला मुकाबला अभिमन्यु क्रिकेट ऐकेडमी में उत्तराखंड और पुदुचेरी के बीच खेला गया। पुदुचेरी ने टॉस जीतकर उत्तराखंड को पहले बल्लेबाजी के लिए आंमत्रित किया। उत्तराखंड टीम की शुरुआत कुछ खास नहीं रही।
उत्तराखंड को पहला झटका सलामी बल्लेबाज कंचन परिहार के रूप में लगा। इसके बाद नीलम 05 और कप्तान राधा चंद 01 रन पर बनाकर सस्ते में पवेलियन लौट गए। 44 रनों पर उत्तराखंड ने अपने तीन विकेट गंवा दिए थे।
इसके बाद ज्योति गिरी व दूसरे छोर से खेल रहीं सलामी बल्लेबाज राघवी ने पारी को आगे बढ़ाया। राघवी ने चौथे विकेट के लिए ज्योति के साथ 156 रनों की साझेदारी बनाई। उत्तराखंड ने निर्धारित 50 ओवर में पांच विकेट गंवाकर 282 रन बनाए। टीम के लिए राघवी ने नाबाद 168 रन, ज्योति ने 44 रन व नंदिनी ने 12 रन बनाए।
खबरें और भी
जवाब में बल्लेबाजी करने उतरी पुदुचेरी की टीम मात्र 97 रनों पर सिमट गई। टीम के लिए अन्नया ने 23 व एस दत्ता ने 15 रनों का योगदान दिया। टीम के पांच खिलाड़ी अपना खाता तक नहीं खोल सके। उत्तराखंड ने 185 रनों से मुकाबले को जीत लिया। उत्तराखंड की ओर से राधा चंद, डिंपल व पूजा राज ने दो-दो विकेट झटके।
वहीं, दूसरा मैच सेलाकुई इंटरनेशनल स्कूल के ग्राउंड में नागालैंड और मेघालय के बीच खेला गया। पहले खेलते हुए नागालैंड की टीम ने 211 रन बनाए। टीम के लिए अंतिमा ने 100 व सेंटीलेमला ने 37 रनों की पारी खेली।
जवाब में बल्लेबाजी करने उतरी मेघालय की टीम खराब शुरुआत के चलते मात्र 71 रनों पर ढेर हो गई। टीम का एक भी खिलाड़ी दहाई का अंक पार नहीं कर सका। टीम के पांच खिलाड़ी शून्य पर आउट हुए। नागालैंड ने 140 रनों से मुकाबले में जीत दर्ज की।
इसके बाद तीसरा मुकाबला तनुष क्रिकेट ऐकेडमी में बिहार और सिक्किम के बीच खेला गया। टॉस हारकर बिहार ने पहले खेलते हुए 45.1 ओवर में सभी विकेट गंवाकर 191 रन बनाए। टीम के लिए अपूर्वा ने सर्वाधिक 42, दीपा ने 40 व इशिका ने 33 रनों का योगदान दिया। सिक्किम के लिए नूर ने पांच विकेट चटकाए।
जवाब में बल्लेबाजी करने उतरी सिक्किम की टीम मात्र 39 रनों पर सिमट गई। टीम में अनिता के 13 रनों को छोड़ अन्य कोई भी खिलाड़ी दहाई का अंक नहीं छू सका। बिहार ने 152 रनों से मुकाबले को जीत लिया।