विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Mar 02, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Weather Update: नैनीताल में बूंदाबांदी के बाद आया सुधार, उत्तराखंड में 12 घंटे में बदलेगा मौसम का मिजाज!

Published: Sun, 02 Mar 2025 09:45 AM (IST)

उत्तराखंड में दो दिन बाद मौसम ने करवट बदली है। प्रदेश के ज्यादातर इलाकों में धूप खिली है और बारिश-बर्फबारी ...और पढ़ें

Weather Update: नैनीताल में दोपहर बाद खिली धूप से झील का नजारा कुछ ऐसा नजर आया। जागरण।
Weather Update: नैनीताल में दोपहर बाद खिली धूप से झील का नजारा कुछ ऐसा नजर आया। जागरण।

HighLights

  1. सोमवार को फिर से कुछ क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ ओलावृष्टि की आशंका
  2. आज प्रदेश में मौसम शुष्क रहने के आसार, दून में आंशिक बादल संभव

जागरण संवाददाता, देहरादून: Weather Update: उत्तराखंड में दो दिन बाद आसमान से बादल छंटे हैं और ज्यादातर क्षेत्रों में धूप खिली। वर्षा-बर्फबारी का सिलसिला थमने से प्रदेश में फौरी राहत मिली है। पहाड़ों में हिमाच्छादित क्षेत्रों में अभी दुश्वारियां बरकरार हैं, लेकिन निचले इलाकों में जनजीवन सामान्य हो गया है। मौसम विभाग के अनुसार, आज ज्यादातर क्षेत्रों में मौसम शुष्क रहने का पूर्वानुमान है। कहीं-कहीं आंशिक बादल छाये रह सकते हैं। जबकि, सोमवार को प्रदेश में फिर आंशिक बादल छाने से लेकर हल्की वर्षा के आसार हैं। कुछ क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ बौछारें व ओलावृष्टि हो सकती है।

प्रदेश में दो दिन लगातार हुई वर्षा-बर्फबारी के बाद शनिवार को मौसम ने राहत दी। पहाड़ों में भारी वर्षा के कारण कई जगह मार्ग बंद हो गए थे, जिसमें से ज्यादातर मार्ग सुचारू हो गए हैं और आवाजाही सामान्य है। इसके अलावा निचले इलाकों में भी धूप खिलने से कड़ाके की ठंड से राहत मिली है। हालांकि, सुबह-शाम सर्द हवाएं चलने से ठिठुरन बनी हुई है। पहाड़ों में तापमान अभी सामान्य से काफी कम है।

देहरादून में अधिकतम तापमान सामान्य से करीब एक डिग्री सेल्सियस कम है, लेकिन न्यूनतम तापमान सामान्य से अधिक बना हुआ है।

मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह के अनुसार, आज प्रदेशभर में मौसम शुष्क रह सकता है। दून समेत कुछ जिलों में आंशिक बादल मंडराने के आसार हैं। वहीं, सोमवार को उत्तरकाशी, चमोली और रुद्रप्रयाग समेत आसपास के क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली चमकने और कहीं-कहीं बौछारों के साथ ओलावृष्टि होने की आशंका है।

शहर, अधिकतम, न्यूनतम

  • देहरादून, 23.3, 11.8
  • ऊधमसिंह नगर, 26.5, 13.5
  • मुक्तेश्वर, 10.5, 2.5
  • नई टिहरी, 13.6, 3.4

बूंदाबांदी के बाद मौसम में आया सुधार

नैनीताल शहर में बीती रात हुई ओलावृष्टि और वर्षा के बाद मौसम में सुधार आ गया है। जिस कारण तीन दिन बाद खराब मौसम से राहत मिली है। मौसम विभाग ने सोमवार से एक और पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना जताई है। शनिवार को सुबह से ही मौसम का मिजाज बिगड़ा हुआ रहा। रुक−रुक कर कई बार हल्की बूंदाबांदी हुई । दोपहर बाद मौसम में सुधार आ पाया और धूप निकल आई। इससे पहले बीती रात जमकर ओले बरसते रहे। साथ ही कई बार तेज बारिश हुई। बादलों की गड़गड़ाहट जोरों पर रही। खराब मौसम के चलते ठंड में बढ़ोतरी हो गई है। जिस कारण लोगों को गर्म ऊनी कपड़ों के साथ हीटर का सहारा लेने को मजबूर होना पड़ा।

ये भी पढ़ेंः सॉरी मानव, मैने बहुत झूठ बोले, डरती थी कि शादी टूट न जाए... TCS के रिक्रूट मैनेजर की आत्महत्या में नया मोड़ आया

ये भी पढ़ेंः Agra Accident: तीन सड़क हादसों में नव दंपती समेत 11 की मौत, कई परिवारों की छींन लीं खुशियां

आज साफ लेकिन सोमवार को फिर बदलेगा मौसम

इधर राज्य मौसम विभाग देहरादून निदेशक डाक्टर बिक्रम सिंह के अनुसार रविवार को मौसम साफ रहेगा। हालाकि हल्के बादलों का आना जाना लगा रह सकता है और सोमवार से एक और पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने जा रहा है। जिसका अधिक असर तो नहीं रहेगा, अलबत्ता हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है। साथ ही तीन हजार मीटर से उच्च चोटियों में हिमपात होगा।

जीआईसी मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार अधिकतम तापमान 18 व न्यूनतम सात डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। आद्रता अधिकतम 90 व न्यूनतम 70 प्रतिशत रही। बारिश 70 मिमी रिकार्ड की गई।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।