Uttarakhand Weather: टिहरी-बागेश्वर में भारी बारिश का यलो अलर्ट, चमोली की नीति घाटी में बचाव कार्य जारी
उत्तराखंड में मानसून की सक्रियता से पहाड़ से मैदान तक जनजीवन प्रभावित है, भूस्खलन और सड़कों के क्षतिग्रस्त होने से आवागमन में दिक्कतें बढ़ी हैं। मौसम विभाग ने आज भी कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है, खासकर टिहरी और बागेश्वर के लिए येलो अलर्ट है।

बारिश के बीच से गुजरते लोग।
HighLights
उत्तराखंड में मानसून की सक्रियता से लगातार बारिश जारी।
पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन से सड़कें क्षतिग्रस्त, आवागमन बाधित।
टिहरी और बागेश्वर में भारी बारिश का येलो अलर्ट।
जागरण संवाददाता, देहरादून। उत्तराखंड में मानसून की सक्रियता के बीच बारिश का दौर लगातार जारी है। पहाड़ से लेकर मैदान तक वर्षा के कारण जनजीवन प्रभावित हो रहा है। कई पर्वतीय क्षेत्रों में भूस्खलन और सड़कें क्षतिग्रस्त होने से आवागमन में दिक्कतें बढ़ गई हैं।
चमोली की नीति घाटी में आपदा के बाद राहत एवं बचाव कार्य जारी हैं, वहीं क्षेत्र के प्रमुख मार्गों के क्षतिग्रस्त होने से लोगों की मुश्किलें बनी हुई हैं। आज भी प्रदेश में कहीं-कहीं भारी बारिश की चेतावनी है।
पर्वतीय क्षेत्रों में आकाशीय बिजली और तेज बारिश की चेतावनी
बारिश के कारण देहरादून-मसूरी मार्ग पर कोल्हूखेत के पास सड़क क्षतिग्रस्त होने से यातायात प्रभावित हुआ है। पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार बारिश के बीच जगह-जगह भूस्खलन की घटनाएं सामने आने से लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है। निचले इलाकों में भी बारिश के दौर जारी हैं।
मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, देहरादून, टिहरी, पिथौरागढ़ और बागेश्वर में अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है।
शहर, अधिकतम, न्यूनतम
देहरादून, 29.2, 23.9
पंतनगर, 33.0, 25.8
मुक्तेश्वर, 19.3, 16.3
नई टिहरी, 22.4, 15.6
आज भी टिहरी और बागेश्वर में भारी वर्षा का यलो अलर्ट
राज्य के अन्य जिलों में भी कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा हो सकती है। मौसम विभाग ने टिहरी और बागेश्वर में कहीं-कहीं भारी वर्षा का यलो अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा पर्वतीय जिलों में कहीं-कहीं गरज के साथ आकाशीय बिजली चमकने और बारिश के तीव्र से अति तीव्र दौर की संभावना जताई गई है। मौसम के अगले कुछ दिनों तक इसी तरह बने रहने की संभावना है। खासकर शुक्रवार को बहुत भारी बारिश के आसार हैं।

