यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 21, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Uttarakhand Weather News: चटख धूप के साथ आज कहां होगी बारिश ? IMD ने बताया उत्तराखंड के मौसम का ताजा हाल
Uttarakhand Weather News उत्तराखंड के अधिकतर इलाकों में तापमान में भी इजाफा हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिन प्रदेश में धूप खिलने से लेकर आंश ...और पढ़ें

HighLights
- उत्तराखंड में मानसून की सक्रियता कम हो गई है
- उत्तराखंड के ज्यादातर क्षेत्रों में चटख धूप खिल रही है
जागरण संवाददाता, देहरादून। Uttarakhand Weather News: उत्तराखंड में मानसून की सक्रियता कम हो गई है। हालांकि, अभी मानसून की विदाई में समय है, लेकिन प्रदेशभर में ही वर्षा का क्रम फिलहाल थमा हुआ है। ज्यादातर क्षेत्रों में चटख धूप खिल रही है। जिससे तापमान में भी इजाफा हुआ है।
मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिन प्रदेश में धूप खिलने से लेकर आंशिक बादल छाए रहने के आसार हैं। पर्वतीय क्षेत्रों में कहीं-कहीं हल्की वर्षा हो सकती है। आगामी सोमवार से राजस्थान से मानसून की विदाई शुरू होने के आसार हैं। जिसके करीब 10 दिन बाद उत्तराखंड से मानसून विदा लेगा। इससे पहले कहीं-कहीं बौछारों के दौर हो सकते हैं।
गर्मी कर रही परेशान, पहाड़ों में राहत
दून में शुक्रवार को सुबह से ही चटख धूप खिली रही। जिससे तपिश बढ़ गई और चिलचिलाती गर्मी ने बेहाल किया। हालांकि, सुबह-शाम मौसम सुहावना है। इसके अलावा प्रदेश के अन्य जिलों में भी मौसम शुष्क बना हुआ है।
मानसून की सक्रियता कम होने से पहाड़ों में राहत है। वहीं, अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में सुबह-शाम ठंडक बढ़ने लगी है। मसूरी में रात के समय में ठंडक का अहसास होने लगा है, जिससे वहां हल्के गर्म कपड़ों का सहारा लिया जा रहा है। यहीं हाल पर्वतीय क्षेत्रों का भी है। वहां भी हल्के गर्म कपड़े निकले हैं।
खबरें और भी
मौसम विज्ञान केंद्र का ये है पूर्वानुमान
मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह के अनुसार, अगले एक सप्ताह ज्यादातर क्षेत्रों में धूप खिलने या आंशिक बादल मंडराने के आसार हैं। खासकर उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़ और बागेश्वर में हल्की वर्षा हाे सकती है। हालांकि, अगले कुछ दिन कहीं भी भारी बारिश के आसार नहीं हैं। मानसून के उत्तराखंड से तीन या चार अक्टूबर तक विदा होने के आसार हैं। मौसम शुष्क रहने से रात के तापमान में तेजी से कमी आ सकती है।
शहर, अधिकतम, न्यूनतम
- देहरादून, 33.8, 22.2
- ऊधमसिंह नगर, 34.5, 24.4
- मुक्तेश्वर, 26.2, 16.5
- नई टिहरी, 27.2, 17.1