Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    उत्तराखंड बोर्ड परीक्षा फर्जीवाड़ा: मुख्य साजिशकर्ता चंगेज गिरफ्तार, फर्जी प्रवेश पत्र से दिलाया एग्जाम

    Updated: Fri, 27 Feb 2026 03:45 PM (IST)

    हरिद्वार पुलिस ने बोर्ड परीक्षा फर्जीवाड़े के मुख्य साजिशकर्ता चंगेज अंसारी को गिरफ्तार किया है। ...और पढ़ें

    उत्तराखंड बोर्ड परीक्षा फर्जीवाड़े में पुलिस ने  मुख्य साजिशकर्ता को गिरफ्तार किया।

    उत्तराखंड बोर्ड परीक्षा फर्जीवाड़े में पुलिस ने मुख्य साजिशकर्ता को गिरफ्तार किया।

    timer icon

    समय कम है?

    जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

    संक्षेप में पढ़ें

    जागरण संवाददाता, हरिद्वार। बोर्ड परीक्षा में डमी परीक्षार्थी बैठाकर फर्जीवाड़ा करने के मामले में पुलिस ने मास्टरमाइंड कोचिंग संचालक को गिरफ्तार कर लिया है।

    जांच में सामने आया कि आरोपित ने फर्जी प्रवेश पत्र तैयार कर दूसरे छात्र-छात्राओं को परीक्षा देने के लिए तैयार किया था। पुलिस अब अन्य आरोपितों की तलाश कर रही है।

    उत्तराखंड बोर्ड की हाईस्कूल की हिंदी की परीक्षा में 24 फरवरी को रानीपुर कोतवाली क्षेत्र के सलेमपुर स्थित राजकीय इंटर कालेज में आठ छात्र फर्जी तरीके से परीक्षा देने आए थे।

    कक्ष निरीक्षकों ने फर्जीवाड़े को पकड़ लिया और मूल परीक्षार्थियों की जगह पेपर देने पहुंचे चार छात्राओं और चार छात्रों को पकड़ा था।

    इनमें से एक आरोपित फरार हो गया था। मामले में पुलिस ने केंद्र व्यवस्थापक और स्कूल के प्रिंसिपल सुरेश चन्द्र द्विवेदी की शिकायत पर मुकदमा दर्ज किया था।

    कोतवाली प्रभारी आशुतोष सिंह राणा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने जांच शुरू की और जांच में फर्जी प्रवेश पत्र तैयार कर परीक्षा दिलवाने वाले मुख्य साजिशकर्ता को चिह्नित किया।

    इसके बाद आरोपित चंगेज अंसारी, निवासी मेन रोड मोहल्ला चौहनान, ज्वालापुर को गिरफ्तार किया।

    आरोपित ने खुद को अल मौरिद इस्लामिक हाईस्कूल ज्वालापुर का प्रिंसिपल बताया। उसने द सक्सेज प्वाइंट नाम से वाट्सअप व अन्य इंटरनेट मीडिया ग्रुप के माध्यम से आनलाइन कोचिंग देने की बात भी स्वीकार की।

    पुलिस ने आरोपित चंगेज अंसारी को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया है।

    आठ से 10 हजार रुपये थे परीक्षा दिलाने के

    पुलिस की छानबीन में सामने आया कि आरोपित ने मूल अभ्यर्थियों की जगह दूसरे छात्र-छात्राओं से परीक्षा दिलाने के नाम पर प्रत्येक छात्र से आठ से 10 हजार रुपये लिए थे। कोतवाली प्रभारी आशुतोष सिंह राणा ने बताया कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है।

    यह भी पढ़ें- उत्तराखंड बोर्ड परीक्षा में फर्जीवाड़ा: साहिबा की जगह सलमा, प्रियंका की जगह सुहानी दे रही थी एग्जाम