हरिद्वार में प्रशासन का Bulldozer Action, चारधाम यात्रा से पहले हटाया गया अतिक्रमण
हरिद्वार में चारधाम यात्रा से पहले प्रशासन ने अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। सिटी मजिस्ट्रेट कुसुम चौहान के नेतृत्व में नगर निगम और पुलिस की संयुक्त टीम ...और पढ़ें

सीसीआर और चंडी चौक क्षेत्र से सिटी मजिस्ट्रेट के नेतृत्व में अतिक्रमण हटाने का अभियान चला गया। जागरण
HighLights
चारधाम यात्रा से पहले हरिद्वार में अतिक्रमण हटाओ अभियान शुरू
प्रशासन ने बुलडोजर चलाकर अवैध रेहड़ी-ठेली और कब्जे हटाए
श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु सड़कों और घाटों को खाली कराया
जागरण संवाददाता, हरिद्वार। चारधाम यात्रा के निकट आते ही हरिद्वार में प्रशासन सक्रिय हो गया है।
शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए मंगलवार को प्रशासन ने सख्ती दिखाते हुए कुछ क्षेत्रों में बुलडोजर चलाकर अतिक्रमण हटाया है।
प्रशासन ने सड़क किनारे, पुल पर, फ्लाईओवर की नीचे, घाट और गलियों में फैले अवैध कब्जे हटाने का दावा किया है।
चारधाम यात्रा की तैयारियों के तहत जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर सिटी मजिस्ट्रेट कुसुम चौहान के नेतृत्व में नगर निगम और पुलिस की संयुक्त टीम ने अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की।
अभियान के तहत सीसीआर क्षेत्र के समीप सड़क किनारे अवैध रूप से लगाए गए 50 से अधिक रेहड़ी-ठेली और फड़ को हटाया गया।
इसके अलावा रोड़ीबेलवाला, दीनदयाल पार्किंग से हरकी पैड़ी मार्ग तक फैले अतिक्रमण पर भी प्रशासन ने कार्रवाई की। इन क्षेत्रों में नियमित निगरानी न होने के कारण अतिक्रमणकारी फिर से दुकानें सजा देते हैं।
प्रशासन की ओर से दी जाने वाली चेतावनी का इन पर कोई असर नहीं होता है। सिटी मजिस्ट्रेट कुसुम चौहान ने बताया कि चारधाम यात्रा के दौरान हरिद्वार में लाखों श्रद्धालु पहुंचते हैं।
ऐसे में सड़कों, पैदल मार्गों और गंगा घाटों पर अतिक्रमण होने से आवागमन बाधित होता है, साथ ही श्रद्धालुओं को भी भारी असुविधा का सामना करना पड़ता है। इसी को ध्यान में रखते हुए यह विशेष अभियान चलाया गया है।
उन्होंने कहा कि प्रशासन का प्रयास है कि चारधाम यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को निर्बाध और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराया जाए।
इसके लिए संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखी जा रही है और अतिक्रमण के विरुद्ध यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। इस अभियान में उपनगर आयुक्त दीपक गोस्वामी, चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक नवीन चौहान आदि मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें- उत्तराखंड में गरजा धामी का Bulldozer, किच्छा के धौराडाम और शाहदौरा में दो अवैध मजार की ध्वस्त
यह भी पढ़ें- रुड़की में अतिक्रमण पर प्रशासन का Bulldozer Action, लंढौरा में सड़क किनारे अवैध कब्जों को हटाया