हरिद्वार अर्धकुंभ की तैयारी में रात को भी परीक्षा, दीपावली से पहले चमकाने होंगे घाट और सड़क
हरिद्वार में अर्धकुंभ की तैयारियों के तहत जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने रात में निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया।


समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, हरिद्वार। अर्धकुंभ से पहले हरिद्वार को संवारने की कवायद में अब रात के अंधेरे में भी निर्माण कार्यों की परीक्षा हो रही है। कहीं सड़कों को गड्ढामुक्त करने की चुनौती है तो कहीं हरकी पैड़ी के घाटों और मंदिरों को नया स्वरूप देने की समयसीमा।
दीपावली से पहले काम पूरा करने के लक्ष्य के बीच शनिवार देर रात जिलाधिकारी मयूर दीक्षित खुद मौके पर पहुंचे और निर्माण कार्यों की रफ्तार से लेकर गुणवत्ता तक का जायजा लिया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के क्रम में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने चंडी घाट चौक, शंकराचार्य चौक, प्रेमनगर चौक, सिंहद्वार और गुरुकुल कांगड़ी हाईवे पर चल रहे निर्माण एवं पेंटिंग कार्यों का निरीक्षण किया। इसके बाद हरकी पैड़ी क्षेत्र में मंदिरों, घाटों और पुलों के सौंदर्यीकरण की प्रगति परखी।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्धारित समयसीमा में काम पूरा हो और किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। राष्ट्रीय राजमार्ग के अधिकारियों को सड़कों का डामरीकरण निर्धारित मानकों के अनुरूप और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने कहा कि सड़कों को गड्ढामुक्त करने के साथ निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर भी विशेष ध्यान दिया जाए, ताकि आमजन को आवागमन में परेशानी न हो। हरकी पैड़ी क्षेत्र के मंदिरों और घाटों का सौंदर्यीकरण दीपावली से पहले हर हाल में पूरा करने के निर्देश दिए गए।
काम में तेजी लाने के लिए श्रमिकों की संख्या बढ़ाने और रात में चल रहे कार्यों की प्रभावी निगरानी करने को कहा गया। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम पूरा करने के निर्देश देते हुए स्पष्ट किया कि प्रगति की लगातार समीक्षा की जाएगी। निरीक्षण के दौरान सिटी मजिस्ट्रेट हर गिरी, राष्ट्रीय राजमार्ग के डिप्टी मैनेजर प्रज्वल, जिला सूचना अधिकारी रतीलाल शाह मौजूद रहे।
