अब इलेक्ट्रिक गोल्फ कार्ट पर घूमेंगे हरिद्वार आने वाले श्रद्धालु, किराया बस 20 रुपये
हरिद्वार में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए दीपावली से पहले 'गंगा सारथी' इलेक्ट्रिक गोल्फ कार्ट सेवा शुरू होगी।


समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, हरिद्वार। धर्मनगरी में मां गंगा दर्शन को आने वाले लाखों श्रद्धालुओं, विशेषकर बुजुर्गों, बच्चों और दिव्यांगजनों को जल्द ही आवागमन की बेहतर सुविधा मिलने जा रही है।
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और नगर आयुक्त नंदन कुमार की पहल पर नगर निगम की ओर से हरकी पैड़ी क्षेत्र में इको-फ्रेंडली इलेक्ट्रिक गोल्फ कार्ट सेवा शुरू करने की योजना बनायी गयी है। ‘गंगा सारथी’ नाम से प्रस्तावित इस सेवा का संचालन दीपावली से पहले शुरू करने की तैयारी है।
‘गंगा सारथी’ सेवा
नगर आयुक्त नंदन कुमार ने बताया कि विशेष पर्वों और त्योहारों के दौरान क्षेत्र में अत्यधिक भीड़ होने के कारण बुजुर्गों, बच्चों और दिव्यांगजनों को लंबी दूरी पैदल तय करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। ‘गंगा सारथी’ सेवा शुरू होने से इन समस्याओं को कम करने में मदद मिलेगी। बताया कि यह सेवा लगभग ढाई किलोमीटर के दायरे में संचालित की जाएगी।
इसके प्रथम चरण में हरिद्वार मुख्य डाकघर से हरकी पैड़ी तक तथा दूसरे चरण में हरकी पैड़ी से भीमगोड़ा कुंड तक इलेक्ट्रिक गोल्फ कार्ट का संचालन प्रस्तावित है। शुरुआती चरण में कुल 20 इलेक्ट्रिक गोल्फ कार्ट संचालित करने की योजना है। जिससे श्रद्धालुओं को प्रमुख धार्मिक स्थलों तक पहुंचने में सुविधा मिलेगी।
जीपीएस ट्रैकिंग सिस्टम और फर्स्ट एड सुविधा भी
हरिद्वार: इलेक्ट्रिक गोल्फ कार्ट में जीपीएस ट्रैकिंग सिस्टम, अग्निशमन उपकरण और फर्स्ट एड किट की व्यवस्था की जाएगी। मार्ग पर यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने तथा यात्रियों की सहायता के लिए प्रत्येक 100 मीटर की दूरी पर मार्शल तैनात करने की योजना भी बनायी गयी है।
किराया प्रति यात्री 20 रुपए
हरिद्वार: प्रस्तावित व्यवस्था के तहत मुख्य डाकघर से हरकी पैड़ी तथा हरकी पैड़ी से भीमगोड़ा कुंड तक प्रति यात्री किराया 20 रुपए रखा गया है। इसके अतिरिक्त स्थानीय दुकानदारों और व्यापारियों की सुविधा के लिए मासिक पास तथा विशिष्ट अतिथियों के लिए वीआइपी पास की व्यवस्था भी प्रस्तावित है।
तीन टिकट काउंटर
हरिद्वार: यात्रियों की सुविधा के लिए तीन प्रमुख स्थानों पर टिकट काउंटर स्थापित किए जाएंगे। इनमें मुख्य डाकघर के पास, हरकी पैड़ी तथा क्षेत्र के एक अन्य प्रमुख स्थान पर टिकट काउंटर बनाने की योजना है।
इलेक्ट्रिक गोल्फ कार्ट के नियमित संचालन को सुनिश्चित करने के लिए सर्वानंद घाट के निकट मुख्य चार्जिंग स्टेशन और मेंटेनेंस सेंटर स्थापित किया जाएगा। इसके अतिरिक्त हरकी पैड़ी पर गुरु का लंगर के पास सब-स्टेशन तैयार करने की योजना है जिससे वाहनों की चार्जिंग और संचालन व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने में सहायता मिलेगी।
दीपावली से पहले सेवा शुरू करने की योजना है। जिससे आगामी त्योहारों और धार्मिक अवसरों पर हरिद्वार पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को इसका लाभ मिल सके। - नंदन कुमार, नगर आयुक्त, नगर निगम, हरिद्वार
यह भी पढ़ें- हरिद्वार में गंगा बंदी के दौरान महासफाई अभियान, आठ टन कूड़ा हटाया... तटों पर अब भी पसरा कचरा
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।