विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हरिद्वार तक पहुंचा स्मार्ट मीटर का झटका: नया मीटर लगते ही दोगुना आया बिजली बिल, उपभोक्ताओं के उड़े होश

Published: Tue, 27 Oct 2026 09:31 AM (IST)

हरिद्वार और रुड़की में स्मार्ट मीटर लगने के बाद उपभोक्ताओं के बिजली बिल दोगुने हो गए हैं, जबकि उपयोग में कोई बदलाव नहीं आया।

News Article Hero Image

HighLights

  1. स्मार्ट मीटर से बिजली बिल दोगुना होने की शिकायतें।

  2. उपभोक्ता पुराने मीटर लगवाने की कर रहे हैं मांग।

  3. ऊर्जा निगम स्मार्ट मीटर में खराबी से इनकार कर रहा।

जागरण संवाददाता, हरिद्वार। साहब पहले से घर में ना तो एक पंखा बढ़ा हैं और ना ही बल्ब। पहले की भांति ही बिजली का उपभोग हैं लेकिन बिजली का बिल बढ़कर दोगुना हो गया है। इससे अच्छा तो पहले वाला ही मीटर अच्छा था। इसलिए पुराना मीटर ही लगा दो। आजकल ऊर्जा निगम के दफ्तरों में लोग कुछ इसी तरह की अर्जी लेकर जा रहे हैं। स्मार्ट मीटर पर ज्यादा रीडिंग देने का आरोप लगा रहे हैं।

रुड़की मंडल में करीब दो साल से स्मार्ट मीटर लगाने का काम चल रहा है। निगम की ओर से पहले तो सख्ती के साथ मीटर लगाने का काम शुरू किया गया था लेकिन लोगों के विरोध के चलते स्मार्ट मीटर लगाने की रफ्तार धीमी है।

ऐसे में जिन उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन पर स्मार्ट मीटर लग गए हैं अब वह अधिक बिजली बिल आने का रोना रो रहे हैं। उनका कहना है कि पहले की तुलना में बिजली का बिल दोगुना बढ़ गया है जबकि उपकरण ज्यों के त्यो हैं।

केस नंबर एक:

रुड़की के आकाशदीप कालोनी निवासी विपेन्द्र त्यागी ने बताया कि उनके यहां पर मई माह में स्मार्ट मीटर लगा था। मई माह में उनके यहां पर बिजली की खपत 400 यूनिट के आसपास थी, इसके बाद जून में खपत बढ़कर 762 यूनिट हो गई जबकि वहीं उपकरण हैं एक भी बिजली का उपकरण अधिक नहीं है। उन्होंने स्मार्ट मीटर को हटाने की अर्जी निगम को दी है।

केस नंबर दो:

सिविल लाइन निवासी अजय शर्मा ने बताया कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद से उनके बिजली का बिल दोगुना हो गया है। पहले एक माह का बिल दो हजार के आसपास रहता था अब यह बढ़कर 45 सौ रुपये पर पहुंच गया है।

केस नंबर तीन:

बंदा रोड निवासी इस्माइल ने बताया कि पहले उनका बिजली का बिल 500 यूनिट के आसपास रहता था, अब उनका बिजली का बिल 1000 यूनिट तक पहुंच जा रहा है। कई बार निगम के अधिकारियों से बिल ठीक करने की गुहार लगाई गई लेकिन कोई ध्यान नहीं दे रहा है।

ऐसा नहीं है स्मार्ट मीटर से किसी का बिल अधिक आ रहा हो, शुरुआत में कुछ रीडिंग आदि भरने के दौरान त्रुटि होने के मामले प्रकाश में आए थे, जिनको दुरुस्त कर दिया था। स्मार्ट मीटर में किसी तरह की कोई खराबी नहीं है। उपभोक्ता जो शंका या समस्या बताते हैं उनका समाधान भी किया जा रहा है।

-विनोद कुमार पांडे, अधीक्षण अभियंता रुड़की मंडल

अधिकांश ट्रांसफार्मर पर लग चुके स्मार्ट मीटर

ऊर्जा निगम की ओर से ट्रांसफार्मर पर स्मार्ट मीटर लगाने का काम तेजी से किया जा रहा है। 80 प्रतिशत ट्रांसफार्मर पर स्मार्ट मीटर लग चुके है जबकि उपभोक्ताओं के स्तर पर स्मार्ट मीटर लगाने के कार्य धीमा है।

किसानों की पंचायत में उठा था मुद्दा

21 अक्टूबर को उत्तराखंड किसान मोर्चा की पंचायत के दौरान किसान नेताओं ने मांग उठाई थी कि स्मार्ट मीटर पर पूरी तरह से रोक लगा दी जाए। किसी भी कीमत पर स्मार्ट मीटर नहीं लगने दिया जाएगा। इस दौरान ऊर्जा निगम के अधिकारियों ने किसान नेताओं को बताया था कि यह शासन स्तर का मामला है।

यह भी पढ़ें- स्मार्ट मीटर बंद फिर भी चल रहा पंखा-लाइट? कैमूर में 5200 उपभोक्ताओं की जांच शुरू; दर्ज होगा FIR

यह भी पढ़ें- पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना: प्रयागराज में स्मार्ट मीटरों का संकट, 1000 से अधिक आवेदन लंबित

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।