ऋषिकेश ट्रेन हादसे के बाद हेमकुंट और दून एक्सप्रेस हरिद्वार में रुकी, यात्रियों को बसों से भेजा गया
योगनगरी ऋषिकेश यार्ड में उज्जैनी एक्सप्रेस के पटरी से उतरने के कारण हेमकुंट और हावड़ा-योगनगरी ऋषिकेश एक्सप्रेस को हरिद्वार में शॉर्ट टर्मिनेट किया गया ...और पढ़ें

HighLights
ऋषिकेश में ट्रेन पटरी से उतरने से रेल यातायात प्रभावित।
हेमकुंट और हावड़ा एक्सप्रेस हरिद्वार में शॉर्ट टर्मिनेट हुईं।
यात्रियों को बसों द्वारा गंतव्य तक पहुंचाया गया, सुविधाएं मिलीं।
जागरण संवाददाता, हरिद्वार। योगनगरी ऋषिकेश यार्ड में उज्जैनी एक्सप्रेस के डिब्बों के पटरी से उतरने की घटना के कारण गाड़ी संख्या 13009 हावड़ा-योगनगरी ऋषिकेश एक्सप्रेस के अलावा हेमकुंट एक्सप्रेस को हरिद्वार स्टेशन पर शार्ट टर्मिनेट किया गया।
इन ट्रेनों के यात्रियों को बसों के जरिए योगनगरी ऋषिकेश भेजा गया। वहीं उत्कल एक्सप्रेस के यात्रियों को योगनगरी ऋषिकेश से दो बसों के जरिए हरिद्वार स्टेशन लाए गए।
हरिद्वार रेलवे स्टेशन से संचालित हुई उत्कल एक्सप्रेस
मंडल रेल प्रबंधक विनीता श्रीवास्तव और वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक महेश यादव के निर्देशों के अनुपालन में सहायक मंडल वाणिज्य प्रबंधक अंकित शर्मा के निर्देशन में हावड़ा-योगनगरी ऋषिकेश और माता वैष्णो देवी कटरा-योगनगरी ऋषिकेश हेमकुंट एक्सप्रेस के करीब 350 यात्रियों को 11 बसों के जरिए हरिद्वार से गंतव्य को भिजवाया गया। यात्रियों को पानी, शीतल पेय, बिस्कुट, नाश्ता आदि की व्यवस्था बसों में ही उनकी सीट पर किया गया।
योगनगरी ऋषिकेश से दो बसों से लाए गए यात्री
सीएमआइ अजय तोमर ने बताया कि उत्कल एक्सप्रेस का संचालन हरिद्वार से किए जाने के चलते 151 यात्रियों को योगनगरी ऋषिकेश से हरिद्वार दो बसों से लाया गया। बताया गया कि दून एक्सप्रेस को लक्सर समेत दूसरे स्टेशनों पर रोक-रोक कर चलाया गया।
ट्रेन के हरिद्वार पहुंचने का समय सुबह साढ़े पांच बजे निर्धारित है लेकिन ट्रेन पूर्वाह्न 11.30 बजे के करीब हरिद्वार स्टेशन पहुंची। योगनगरी ऋषिकेश जाने वाली ट्रेनों के हरिद्वार में शार्ट टर्मिनेट किए जाने से यात्री परेशान रहे।