धनतेरस के बाजारों, गन्ना वाहनों की आवाजाही और भाजपा की रैली की वजह से हरिद्वार रोड पर लंबा जाम
दीपोत्सव के चलते बाजारों में भीड़ और गन्ना वाहनों की आवाजाही के साथ भाजपा की रैली के कारण लक्सर के हरिद्वार रोड पर भीषण जाम लग गया।

वाहनों की कतारें ओवरब्रिज तक पहुंच गईं, जिससे खरीदारी करने आए लोगों और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
HighLights
दीपोत्सव के कारण बाजारों में भारी भीड़ उमड़ी।
गन्ना वाहनों और भाजपा रैली से यातायात बाधित हुआ।
हरिद्वार रोड पर वाहनों की लंबी कतारें लगीं।
संवाद सूत्र, लक्सर। दीपोत्सव के चलते बाजारों में उमड़ी भीड़ के बीच शुक्रवार को गन्ना वाहनों की आवाजाही और भाजपा की रैली के कारण लक्सर की यातायात व्यवस्था चरमरा गई। हरिद्वार रोड पर वाहनों का दबाव बढ़ने से जाम लग गया। देखते ही देखते वाहनों की कतारें ओवरब्रिज तक पहुंच गईं। इसके चलते बाजार में खरीदारी के लिए पहुंचे लोगों के साथ ही राहगीरों और वाहन चालकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा।
त्योहारी सीजन के चलते शुक्रवार सुबह से ही लक्सर के बाजारों में रौनक बनी हुई थी। आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग दीपावली की खरीदारी के लिए नगर में पहुंचे थे। दोपहर होते-होते बाजारों में भीड़ बढ़ने के साथ सड़कों पर वाहनों का दबाव भी बढ़ गया। इसी बीच गन्ना लदे वाहनों की आवाजाही और भाजपा की रैली के चलते हरिद्वार रोड पर यातायात व्यवस्था चरमरा गई।
सड़क पर वाहनों की रफ्तार थमने से लंबा जाम लग गया। दोपहिया और चारपहिया वाहन चालक काफी देर तक जाम में फंसे रहे। वहीं, बाजार जाने और खरीदारी के बाद घर लौटने वाले लोगों को भी परेशानी झेलनी पड़ी। राजपाल सिंह, सतबीर सिंह, संजय कुमार, अजय धीमान, गोरख सिंह, महकार आदि का कहना है कि त्योहार के चलते पहले से ही बाजार और सड़कों पर भीड़ का दबाव है।
ऐसे में यातायात व्यवस्था सुचारु नहीं रहने से लोगों की मुश्किलें बढ़ जाती हैं। कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक प्रवीण सिंह कोश्यारी ने बताया कि त्योहारी सीजन को देखते हुए मुख्य प्वाइंटों पर पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है।