विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 07, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

हरिद्वार में नाबालिग हॉकी खिलाड़ी से दुष्कर्म करने वाला कोच गिरफ्तार, एक ने लूटी अस्मत, दूसरे ने दिया लड़ने का हौसला

Published: Tue, 07 Jan 2025 08:44 AM (IST)

Rape With Hockey Player Update News हरिद्वार में नाबालिग हॉकी खिलाड़ी से दुष्कर्म की घटना में दो कोच के दो ...और पढ़ें

Haridwar News: रोशनाबाद स्पोर्टस स्टेडियम में पसरा सन्नाटा: जागरण
Haridwar News: रोशनाबाद स्पोर्टस स्टेडियम में पसरा सन्नाटा: जागरण

HighLights

  1. पीड़िता ने लोकल कोच पर दिखाया अपने परिवार से ज्यादा भरोसा
  2. लोकल कोच के हिम्मत बंधाने पर सामने आया कोच का घिनौना सच

मेहताब आलम, हरिद्वार। अंतराष्ट्रीय महिला हॉकी खिलाड़ी वंदना कटारिया के गृह जनपद में नाबालिग हॉकी खिलाड़ी से दुष्कर्म की घटना में दो कोच के दो अलग-अलग चेहरे सामने आए। एक कोच भानुप्रकाश है, जिसने अपनी हवस की खातिर पीड़िता के आत्मसम्मान को रौंद डाला। दूसरा पीड़िता का लोकल कोच, जो पीड़िता की ताकत बना। परिवार से ज्यादा भरोसा करने वाली पीड़िता को लोकल कोच ने ही गलत के खिलाफ लड़ने का हौंसला दिया।

हर खिलाड़ी का सपना होता है कि वह राष्ट्रीय-अंतरर्राष्ट्रीय स्तर पर खेलकर अपने देश, शहर व परिवार का नाम रोशन करे। इसके लिए खिलाड़ी अभ्यास में रात-दिन एक करते हैं। ताकि मौका मिलने पर खुद को साबित किया जा सके। यही जुनून व जज्बा लेकर प्रदेश भर के खिलाड़ी इन दिनों राष्ट्रीय खेलों में हाथ आजमाने के लिए हरिद्वार में पसीना बहा रहे हैं।

दुष्कर्म का शिकार हुई पीड़िता सहित सभी 30 महिला हॉकी खिलाड़ी रोशनाबाद स्पोर्टस स्टेडियम के पास एक कॉलोनी में बने होटल में ठहरी हुई थी। कोच इसी होटल के तीसरे फ्लोर पर ठहरा था। जबकि पीड़िता का कमरा चौथे फ्लोर पर था। राज्य स्तरीय महिला हॉकी टीम फाइनल होने के बावजूद कोच ने बहाने से पीड़िता को अपने कमरे में बुलाया और झांसा दिया कि अभी भी वह टीम में उसका चयन करा सकता है।

पीड़िता की अस्मत से किया खिलवाड़

आरोपित को लगा था कि सोमवार को कैंप खत्म होने पर वह कोई न कोई बहाना बना देगा और पीड़िता अपनी इज्जत बचाने के लिए मुंह नहीं खोल पाएगी। एक कोच ने जहां पीड़िता की अस्मत से खिलवाड़ किया, वहीं लोकल कोच पर पीड़िता को इतना भरोसा था कि परिवार के बजाय सबसे पहले अपने गुरु को आपबीती बताई। लोकल कोच ने पीड़िता की हिम्मत बंधाई और गलत के खिलाफ लड़ाई लड़ने के लिए प्रेरित करते हुए स्वजनों को घटना की जानकारी दी। तभी घिनौना सच सबके सामने आ सका।

जानबूझकर चुना रविवार का दिन

ऐसा बताया जा रहा है कि पीड़िता पर कोच की नजर काफी दिन पहले ही खराब हो चुकी थी। लेकिन घिनौनी हरकत के लिए वह कैंप खत्म होने का इंतजार कर रहा था। कोच को मालूम था कि कैंप खत्म होने पर सोमवार को होटल से चेक आउट कर सभी खिलाड़ी लौट जाएंगे और उसकी करतूत कभी सामने नहीं आ पाएगी। इसलिए दुष्कर्म के लिए उसने रविवार का दिन चुना।

न जाने कितनी प्रतिभाएं बन चुकी होंगी शिकार

आरोपित भानुप्रकाश अग्रवाल के पास साई का सर्टिफिकेट है और वह लंबे अर्से से खिलाड़ियों को प्रशिक्षण देता आ रहा है। पुलिस का मानना है कि आरोपित पहली बार किसी खिलाड़ी के साथ दुष्कर्म जैसी घिनौनी घटना को अंजाम नहीं दिया होगा। वह पहले भी कितनी ही प्रतिभाओं का उत्पीड़न कर चुका है, इससे इनकार नहीं किया जा सकता है। खेल से जुड़े लोग बताते हैं कि उसकी आम छवि भी ठीक नहीं है। यह बात अलग है अभी तक किसी महिला खिलाड़ी की ओर से उसके खिलाफ कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई। इसके पीछे खिलाड़ियों में करियर खत्म होने का डर या आरोपित का प्रभाव जैसे कई कारण हो सकते हैं।

कई पदाधिकारियों का खास है आरोपित

खिलाड़ियों की तैयारी कराने के लिए संविदा पर कोच की नियुक्ति एसोसिएशन की ओर से की जाती है। खिलाड़ी और कोच के रहने, खाने-पीने का खर्च भी एसोसिएशन के जिम्मे रहता है। आरोपित कोच एसोसिएशन के कुछ पदाधिकारियों का करीबी बताया जाता है। हालांकि, कार्रवाई में ऐसी कोई नजदीकी आड़े नहीं आई।

दो साल पहले रुद्रपुर में हुई थी मुलाकात

पुलिस की छानबीन में सामने आया कि आरोपित हॉकी कोच भानूप्रकाश पिछले दो साल से जानता था। बताया जा रहा है कि पीड़िता पूर्व में रुद्रपुर उधमसिंह नगर में हॉकी टूर्नामेंट में भाग लेने गई थी, तब उसकी मुलाकात भानू प्रकाश से हुई थी। तब से आरोपित खेल प्रतियोगिताओं को लेकर कोच लगातार उससे संपर्क बनाए हुआ था।

ये भी पढ़ेंः UP Police के दारोगा अमित यादव की होटल के कमरे में मौत, रात में बहन-बहनाेई संग खाना खाकर सोए; सुबह नहीं खुलीं आंखें

ये भी पढ़ेंः ढूंढने की कोशिश की तो मैं जान दे दूूंगी... इंस्टाग्राम दोस्त से मिलने को युवती ने घर छोड़ा, तलाश में भटक रहा पिता

दुष्कर्म के बाद बिगड़ी तबीयत

पुलिस की पड़ताल में यह भी सामने आया कि दुष्कर्म के बाद पीड़िता की तबियत बिगड़ गई थी। उसके शरीर से खून का अधिक रिसाव हुआ था। शिकायत सामने आने पर पुलिस ने रात भर अन्य खिलाड़ियों व कर्मचारियों से पूछताछ की। पुलिस ने रात में ही पीड़िता का मेडिकल कराते हुए कोच को हिरासत में ले लिया। सीओ सिटी जूही मनराल, सीओ ऑपरेशन शांतनु पाराशर और सिडकुल थानाध्यक्ष मनोहर भंडारी की संयुक्त टीम ने रात भर इस मामले की छानबीन की।

आरोपित को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। घटना बेहद संवेदनशील है, इसलिए जांच की जिम्मेदारी सीओ सिटी जूही मनराल को सौंपी गई है। फारेंसिक टीम ने भी घटना से जुड़े साक्ष्य एकत्र किए हैं। प्रमेंद्र सिंह डोबाल, एसएसपी

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।