रुड़की रेलवे स्टेशन के कायाकल्प का काम 60% पूरा, देखें क्या-क्या होंगे बदलाव
रुड़की रेलवे स्टेशन का अमृत भारत योजना के तहत 60% निर्माण कार्य पूरा हो गया है, जिसका लक्ष्य दिसंबर तक पूरा करना है।

रुड़की रेलवे स्टेशन पर पैदल पुल का गतिमान निर्माण कार्य
HighLights
रुड़की स्टेशन का 60% निर्माण कार्य पूरा हो चुका है।
दिसंबर तक स्टेशन का पूरा निर्माण कार्य होगा समाप्त।
यात्रियों के लिए मुख्य प्रवेश और निकास मार्ग खोला गया।
संवाद सहयोगी, रुड़की। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत निर्माणाधीन रुड़की रेलवे स्टेशन का निर्माण कार्य करीब 60 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। निर्माण कार्य के बीच यात्रियों को राहत देने के लिए स्टेशन का मुख्य प्रवेश और निकास मार्ग पूरी तरह खोल दिया गया है।
इससे स्टेशन आने-जाने वाले यात्रियों की परेशानी काफी कम हुई है। रेलवे ने दिसंबर तक स्टेशन का पूरा निर्माण कार्य समाप्त कर उसे हैंडओवर करने का लक्ष्य रखा है। फिलहाल पैदल पुल, विद्युत सब स्टेशन और साइकिल स्टैंड से जुड़े काम तेजी से चल रहे हैं।
रेलवे गतिशक्ति के कार्य निरीक्षक अनिल कुमार ने बताया कि रुड़की रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास का करीब 60 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। शेष कार्य को भी तेजी से कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में स्टेशन पर पैदल पुल का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। इसके साथ ही विद्युत सब स्टेशन के निर्माण के लिए स्टेशन के बाहर की जमीन खाली कराई गई है।
सुविधाओं को क्रमबद्ध तरीके से शुरू किया जाएगा
स्टेशन परिसर में साइकिल स्टैंड का भी कायाकल्प किया जा रहा है। साइकिल स्टैंड का काम पूरा होने के बाद स्टेशन का मुख्य रास्ता इसी ओर से होकर संचालित किया जाएगा। निर्माण कार्य के चलते स्टेशन का मुख्य मार्ग काफी संकीर्ण हो गया था। मुख्य प्रवेश और निकास मार्ग खुलने से अब यात्रियों को काफी सहूलियत हो गई है।
रेलवे अधिकारी के अनुसार दिसंबर तक स्टेशन का निर्माण कार्य पूरा कर उसे हैंडओवर करने का लक्ष्य रखा गया है। पहले चरण में नवनिर्मित स्टेशन पर बुकिंग काउंटर और टिकट काउंटर चालू किए जाएंगे। इसके बाद अन्य सुविधाओं को क्रमबद्ध तरीके से शुरू किया जाएगा।
स्टेशन के पुनर्विकास के तहत यात्रियों के आवागमन को सुगम बनाने के साथ आधुनिक यात्री सुविधाओं को विकसित किया जा रहा है। पैदल पुल के निर्माण से प्लेटफार्मों के बीच आवाजाही आसान होगी।
वहीं विद्युत सब स्टेशन बनने के बाद स्टेशन की विद्युत व्यवस्था को भी बेहतर किया जाएगा। साइकिल स्टैंड के कायाकल्प के बाद स्टेशन परिसर की यातायात व्यवस्था में भी बदलाव आएगा। रेलवे का लक्ष्य दिसंबर तक सभी प्रमुख निर्माण कार्य पूरे कर स्टेशन को पूरी तरह चालू करना है।
