Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    रुड़की: मंगलौर सीएचसी में फर्श पर तड़पता मिला टीबी मरीज, भड़के विधायक काजी निजामुद्दीन; ले गए निजी अस्पताल

    Updated: Thu, 14 May 2026 07:03 PM (IST)

    मंगलौर सीएचसी में टीबी मरीज को फर्श पर लेटा देख विधायक काजी निजामुद्दीन भड़क गए। उन्होंने अस्पताल की बदइंतजामी पर रोष जताते हुए मरीज को अपनी गाड़ी से ...और पढ़ें

    HighLights

    1. टीबी मरीज को मंगलौर सीएचसी में फर्श पर लेटा पाया

    2. विधायक काजी निजामुद्दीन ने अस्पताल की बदइंतजामी पर रोष जताया

    3. विधायक ने मरीज को निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जांच की मांग

    संवाद सहयोगी, मंगलौर (रुड़की)। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) मंगलौर में स्वास्थ्य सेवाओं की पोल उस वक्त खुल गई जब टीबी का मरीज गंभीर स्थिति में फर्श पर लेटा दिखा।

    स्थानीय विधायक और पूर्व पालिका अध्यक्ष का पारा चढ़ गया। अस्पताल प्रबंधन की संवेदनहीनता और बदइंतजामी से खफा विधायक ने मौके पर जमकर हंगामा किया।

    मानवता को शर्मसार करने वाली इस स्थिति को देख विधायक ने बिना समय गंवाए पीड़ित मरीज को अपनी निजी गाड़ी से रुड़की के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया।

    गुरुवार को एक टीबी पीड़ित मरीज उपचार के लिए अपनी पत्नी के साथ मंगलौर अस्पताल पहुंचा था। परिजनों का आरोप है कि अस्पताल कर्मियों ने उसे सही उपचार देना तो दूर, बेड तक मुहैया नहीं कराया।

    जब इस संबंध में विधायक काजी निजामुद्दीन और नगर पालिका के पूर्व अध्यक्ष चौधरी इस्लाम को जानकारी मिली तब दोनों सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर पहुंचे तो नजारा बेहद विचलित करने वाला था। मरीज फर्श पर लेटा हुआ तड़प रहा था।

    अस्पताल में मौजूद स्ट्रेचर की हालत इतनी जर्जर थी कि वह इस्तेमाल के लायक भी नहीं थे। नगर पालिका के पूर्व अध्यक्ष चौधरी इस्लाम ने अस्पताल के एक चिकित्सक पर अपने साथ दुर्व्यवहार करने का भी आरोप लगाया।

    विधायक काजी निजामुद्दीन ने बताया कि जब वह अस्पताल पहुुंचे तो देखा कि मरीज फर्श पर लेटा हुआ था। अस्पताल के स्ट्रेचर पर बेतहाशा गंदगी थी और डॉक्टर मूकदर्शक बने हुए थे । यह मानवता को शर्मसार करने वाली घटना है।

    उन्होंने स्वास्थ्य विभाग और स्वास्थ्य मंत्री से अस्पताल प्रशासन की कार्यप्रणाली पर कड़ा रोष व्यक्त करते हुए निष्पक्ष जांच करने की मांग की है।

    उन्होंने कहा कि सरकारी अस्पतालों में गरीबों के साथ इस तरह का व्यवहार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने इस पूरे प्रकरण की जांच के बाद लापरवाह कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए।

    सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक डॉक्टर गंभीर सिंह तालियान ने बताया कि विधायक को गलत और तथ्यहीन सूचना दी गई है।

    अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरा की फुटेज देखने पर जानकारी हुई है कि विधायक की गाड़ी को देखकर अपनी पत्नी के इशारे पर फर्श पर लेटा था सुबह से अस्पताल में मरीज फर्श पर नहीं लेटा था।

    यह भी पढ़ें- रुड़की: नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती युवक की गला काटकर हत्या, बाथरूम में मिली लाश

    यह भी पढ़ें- आईआईटी रुड़की के शोधार्थी का शव नहर से बरामद, तीन दिन से था लापता