विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

रुड़की में नकली नोटों संग दुकानदार गिरफ्तार, दिल्ली से लाया था फेक करेंसी

Published: Mon, 02 Mar 2026 08:06 PM (IST)

रुड़की पुलिस ने एक परचून कारोबारी मुकेश कुमार गर्ग को 38 नकली 500 रुपये के नोटों के साथ गिरफ्तार किया है।

पुलिस की गिरफ्त में नकली नोट के साथ पकड़ा गया आरोपित l पुलिस विभाग

पुलिस की गिरफ्त में नकली नोट के साथ पकड़ा गया आरोपित l पुलिस विभाग 

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

जागरण संवाददाता, रुड़की। सिविललाइंस कोतवाली पुलिस ने एक परचून कारोबारी को पांच-पांच सौ के 38 नकली नोट के साथ गिरफ्तार किया है।

आरोपित उप्र के मुजफ्फरनगर का निवासी है। वह 9,500 रुपये देकर दिल्ली से यह नकली नोट लेकर आया था और होली पर्व पर चलाने की फिराक में था।

आरोपित के कब्जे से बाइक भी बरामद हुई है। पुलिस मामले में मुकदमा दर्ज कर आरोपित से पूछताछ कर रही है।

सिविललाइंस कोतवाली पुलिस को सूचना मिली कि कलियर क्षेत्र में परचून की दुकान चलाने वाला एक दुकानदार होली के पर्व के दौरान बाजार में नकली नोट चलाने का प्रयास कर रहा है।

उसके पास काफी संख्या में नकली नोट हैं और वह रुड़की में आने वाला है। इस पर कोतवाली पुलिस की टीम अलर्ट हो गई। रविवार शाम को पुलिस को सूचना मिली कि आरोपित सोलानी पार्क के पास बाइक लेकर खड़ा है और वह किसी को नकली नोट चलाने की फिराक में है।

इस पर उप निरीक्षक आनंद मेहरा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और उसकी घेराबंदी कर दी। आरोपित पुलिस को देख भागने लगा, लेकिन पुलिस ने पीछा कर उसे पकड़ लिया।

तलाशी लेने पर उसके पास से पांच-पांच सौ रुपये के 38 नकली नोट मिले। पुलिस आरोपित को कोतवाली ले आई।

पूछताछ में आरोपित ने अपना नाम मुकेश कुमार गर्ग निवासी मोहल्ला सेनियान, कस्बा व थाना शाहपुर, जिला मुजफ्फरनगर, उप्र बताया।

आरोपित ने पुलिस को बताया कि यह नकली नोट वह दिल्ली से खरीदकर लाया था। 9,500 रुपये देने के बाद उसे 19 हजार रुपये के नकली नोट मिले थे।

बताया कि उसे यह नोट किसी को सोलानी पार्क के पास देने थे। इससे पहले ही पुलिस वहां पर आ गई। साथ ही आरोपित ने बताया कि उसकी कलियर में परचून की दुकान है। एसपी देहात शेखर सुयाल ने बताया कि पुलिस ने इस मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया है।

इंटरनेट पर मिला था नंबर

नकली नोटों के साथ पकड़े गए आरोपित ने पुलिस के सामने पूछताछ में कई राज उगले हैं। आरोपित ने बताया कि उसे इंटरनेट पर एक नंबर मिला था, जिसमें नकली नोट के जरिये रुपये कमाने की बात लिखी गई थी।

लालच में फंसकर उसने उस नंबर पर फोन किया, जिसके बाद उस व्यक्ति ने उसे दिल्ली बुलाया था। दिल्ली से वह नकली नोट लेकर आया था।

आरोपित ने असली नोट के बदले दोगुने नकली नोट देने की बात कही थी। एसपी देहात शेखर सुयाल ने बताया कि पुलिस की टीम दिल्ली निवासी आरोपित को भी चिह्नित करने में लगी है।