विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 19, 2019 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

छात्रवृत्ति घोटाला: गीताराम नौटियाल की कुर्की के लिए एसआइटी ने कराई मुनादी

By Sunil NegiEdited By:
Updated: Sat, 19 Oct 2019 12:38 PM (IST)

छात्रवृत्ति घोटाले में फंसे समाज कल्याण विभाग के संयुक्त निदेशक गीताराम नौटियाल की संपत्ति कुर्क करने के लिए एसआइटी ने देहरादून पहुंचकर मुनादी कराई।

छात्रवृत्ति घोटाला: गीताराम नौटियाल की कुर्की के लिए एसआइटी ने कराई मुनादी
छात्रवृत्ति घोटाला: गीताराम नौटियाल की कुर्की के लिए एसआइटी ने कराई मुनादी

हरिद्वार, जेएनएन। छात्रवृत्ति घोटाले में फंसे समाज कल्याण विभाग के संयुक्त निदेशक गीताराम नौटियाल की संपत्ति कुर्क करने के लिए एसआइटी ने शुक्रवार को देहरादून पहुंचकर मुनादी कराई। नौटियाल जल्द सरेंडर नहीं करते हैं तो एसआइटी की उनकी संपत्ति कुर्क करेगी।

छात्रवृत्ति घोटाले में समाज कल्याण विभाग के संयुक्त निदेशक गीताराम नौटियाल के खिलाफ देहरादून की एंटी करप्शन कोर्ट से गैर जमानती वारंट 20 दिन पहले जारी हुए थे। एसआइटी ने नौटियाल की तलाश में ताबड़तोड़ छापेमारी की, लेकिन वह हाथ नहीं आए। इसके बाद एसआइटी ने नौटियाल की संपत्ति कुर्क करने की प्रक्रिया आगे बढ़ाते हुए कोर्ट से अनुमति मांगी। चार दिन पहले कोर्ट ने नौटियाल के खिलाफ कुर्की की कार्रवाई को हरी झंडी दिखा दी थी। शुक्रवार को एसआइटी की एक टीम देहरादून में बसंत विहार स्थित गीताराम नौटियाल के घर पहुंची।

टीम ने नौटियाल के घर पर नोटिस चस्पा करने के साथ-साथ ढोल के साथ आस-पास के क्षेत्र में मुनादी कराई। इसमें गीताराम नौटियाल से जल्द से जल्द सरेंडर करने के लिए कहा गया है। साथ ही यह चेतावनी भी दी गई है कि नौटियाल जल्द सरेंडर नहीं करते हैं तो उनकी संपत्ति कुर्क कर ली जाएगी। एसआईटी प्रभारी मंजूनाथ टीसी ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि कोर्ट की अनुमति पर गीताराम नौटियाल के घर कुर्की नोटिस चस्पा किया गया है। मुनादी भी कराई गई है। जल्द ही नौटियाल खुद को कानून के हवाले नहीं करते हैं तो उनकी संपत्ति कुर्क कर ली जाएगी।

अनुराग शंखधर पर ट्रायल को शासन की हरी झंडी

छात्रवृत्ति घोटाले में जेल गए समाज कल्याण विभाग के पूर्व संयुक्त निदेशक अनुराग शंखधर के खिलाफ ट्रायल की अनुमति मिल गई है। कुछ दिन पहले ही जमानत पर जेल से बाहर आए अनुराग शंखधर के खिलाफ देहरादून की एंटी करप्शन कोर्ट में ट्रायल शुरू किया जाएगा।

यह भी पढ़ें: Scholarship Scam: छात्रवृत्ति घोटाले में एसआइटी की बड़ी कार्रवाई, तीन गिरफ्तार

छात्रवृत्ति घोटाले में कार्रवाई की जांच विभाग के अधिकारियों तक पहुंच रही है। एसआइटी ने बीते 19 मई को समाज कल्याण विभाग के संयुक्त निदेशक रहे अनुराग शंखधर को गिरफ्तार किया था। शंखधर छात्रवृत्ति घोटाले के दौरान हरिद्वार और देहरादून जनपद में जिला समाज कल्याण अधिकारी रह चुके हैं। वहीं, पांच दिन पहले ही एसआइटी ने भगवानपुर ब्लॉक के सहायक समाज कल्याण अधिकारी सोमप्रकाश और दो रिटायर्ड अधिकारी मुनेश त्यागी और विनोद नैथानी को भी गिरफ्तार किया है।

यह भी पढ़ें: Uttarakhand Scholarship Scam दलालों ने पांचवीं पास दिलशान को भी करा दिया बीएड

विभाग के मौजूदा संयुक्त निदेशक गीताराम नौटियाल के खिलाफ कुर्की की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। कुछ दिन पहले ही अनुराग शंखधर जमानत पर जेल से बाहर आए हैं। उनके खिलाफ ट्रायल चलाने के लिए एसआइटी ने शासन से अनुमति मांगी थी।

शुक्रवार को शासन ने ट्रायल चलाने की अनुमति दे दी है। एसआइटी प्रभारी मंजूनाथ टीसी ने बताया कि अनुराग शंखधर के ट्रायल की शासन से अनुमति मिल गई है। अगली कानूनी प्रक्रिया जल्द शुरू कर दी जाएगी।

यह भी पढ़ें: करोड़ों की छात्रवृत्ति हड़पने वालों से ईडी करेगा वसूली, पढ़िए पूरी खबर