यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Mar 28, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
मनपंसद गाने बजाने को लेकर हुआ विवाद, युवकों ने दूल्हे समेत बरातियों को पीटा
हरिद्वार में मनपंसद गाना बजाने को लेकर एक बरात में विवाद हो गया। इस कुछ युवकाकें ने दूल्हे समेत बरातियों को पीट दिया।

हरिद्वार, [जेएनएन]: बीस से अधिक युवकों ने हमला कर दूल्हे समेत बरातियों को पीटा। इतना ही नहीं बरात में शामिल महिलाओं के गहने भी छीन लिए। पीड़ित पक्ष ने तहरीर पुलिस को दी है।
रुड़की निवासी प्रवेज पुत्र मुनफैद का रिश्ता ज्वालापुर निवासी बैंड मास्टर दिलशेर की बेटी से तय हुआ था। रविवार की रात को रुड़की से बरात ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्रांतर्गत बाईपास मार्ग पर बने बैंक्वेट हाल में आनी थी। जब बरात बैंक्वेट हाल के पास पहुंची तो बैंड बाजे पर बरातियों ने नाचना शुरू कर दिया था। इस बीच कुछ बाहरी युवक शराब के नशे में पहुंच गए।
आरोप है कि मनपंसद गाने बजाने की बात कहने के साथ ही युवकों ने महिलाओं के साथ बदसलूकी की। इसका बरातियों ने विरोध किया, जिस पर दोनों पक्षों में मारपीट हो गई। बीच बचाव के बाद हमलावर फरार हो गए। कुछ देर बाद करीब पंद्रह-बीस युवकों ने बरातियों पर हमला किया।
जिसके कारण बरात में भगदड़ मच गई। युवकों ने दूल्हे पर भी हमले का प्रयास किया, लेकिन उसे बचा लिया गया। किसी ने झगड़े की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलने पर कोतवाल अमरजीत सिंह मौके पर पहुंचे तो हमलावर वहां से भाग निकले। इस मारपीट में नौशाद, साईल, सोनू, हिना, उस्मान मोनू आदि बराती घायल हो गए। कोतवाल ने बताया कि जिन युवकों पर मारपीट का आरोप है वह सभी ग्राम सलेमपुर व लंढोरा के रहने वाले हैं।

