नशामुक्ति केंद्र से आठ युवक नींबू-मिर्च घोल डालकर हुए फरार, सुरक्षा पर उठे सवाल
गौलापार स्थित मंथन नशामुक्ति केंद्र से आठ युवक कर्मचारियों की आंखों में नींबू-मिर्च का घोल डालकर फरार हो गए। ...और पढ़ें

इस तस्वीर का उपयोग सांकेतिक रूप में किया गया है।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, हल्द्वानी। गौलापार स्थित नशा मुक्ति केंद्र के कर्मचारियों की आंख में नींबू-मिर्च का घोल डालकर आठ युवक फरार हो गए। सोमवार को हुई इस घटना के बाद हड़कंप मच गया।
हालांकि फरार हुए आठ युवकों में दो युवकों को काठगोदाम थाना क्षेत्र से पुलिस ने पकड़ लिया था। पुलिस ने मंगलवार देर रात तक बाकी अन्य छह युवकों का पता किया तो वह अपने घर पहुंच चुके थे। इस घटना के बाद नशा मुक्ति केंद्र की सुरक्षा में गंभीर सवाल उठ रहे हैं।
आठ युवकों ने बनाया प्लान
पुलिस के अनुसार काठगोदाम कोतवाली क्षेत्र के गौलापार सुल्तानपुरी में मंथन नशा मुक्ति केंद्र चल रहा है। इसमें लंबे समय से नशा छुड़वाने के लिए रह रहे आठ युवकों ने केंद्र से भागने का प्लान बनाया। सोमवार को केंद्र के अन्य स्टाफ किसी बैठक में गए हुए थे। युवकों ने दोपहर में खाना खाने के बाद नींबू व लाल मिर्च अपने पास रख ली और देर शाम होते ही बाहर कर्मियों को आवाज लगाकर अंदर बुला लिया, जैसे ही वहां कर्मचारी पहुंचे युवकों ने उनकी आंख में नींबू व मिर्च का घोल फेंक दिया।
इससे कर्मियों की आंख में जलन हो उठी और वह बिलबिला गए। मौका देखते ही आठ युवक नशा मुक्ति केंद्र से फरार हो गए। इससे केंद्र संचालक के हाथ-पांव फूल उठे और उन्होंने काठगोदाम कोतवाली में आठ युवकों की गुमशुदगी दर्ज करवाई, जिस पर पुलिस ने सोमवार शाम को ही दो युवकों को काठगोदाम क्षेत्र से पकड़ लिया। वहीं अन्य युवकों की तलाश शुरू की।
इस दौरान पुलिस ने युवकों के स्वजन से भी संपर्क साधा, जिस पर पुलिस को मंगलवार देर रात सूचना मिली कि केंद्र से भागे हुए अन्य छह युवक अपने घर पहुंच गए हैं।
पिथौरागढ़, हल्द्वानी, सितारगंज के रहने वाले हैं युवक
सीओ सिटी अमित कुमार ने बताया कि पिथौरागढ़ का कार्तिक जोशी, हल्द्वानी का जय नैनवाल, पिथौरागढ़ का आकाश रावत, हल्दूचौड़ के अभिषेक, सितारगंज का गौरव जोशी व हल्द्वानी का रोहन रावत नशा मुक्ति केंद्र से फरार हो गए थे, जिसके बाद पुलिस को मंगलवार को पता चला कि यह छह के छह युवक अपने घर पहुंच गए हैं। पुलिस ने केंद्र संचालक मोहन सिंह को केंद्र में सुरक्षा बढ़ाने की हिदायत दी है।
खबरें और भी
इससे पहले भी देखी जा चुकी हैं नशा मुक्ति केंद्र में लापरवाही
कुमाऊं कमिश्नर दीपक रावत ने कुछ माह पूर्व नशा मुक्ति केंद्र का निरीक्षण किया था, जिसमें पुरुषों के नशा मुक्ति केंद्र में महिलाएं भी मिलीं। यही नहीं मुखानी थाना क्षेत्र में संकल्प नशा मुक्ति केंद्र में एक किशोर को सही से उपचार नहीं मिलने पर उसकी मौत हो गई थी, जिस पर पुलिस ने नशा मुक्ति केंद्र संचालिका पर प्राथमिकी दर्ज की थी। इसके बावजूद क्षेत्र में नशा मुक्ति केंद्र की इस तरह की शिकायतें थमने का नाम नहीं ले रही हैं।