गूगल से एसी कस्टमर केयर नंबर ढूंढना पड़ा भारी, खाते से लाखों रुपये गायब
हल्द्वानी में एसी ठीक कराने के लिए गूगल पर कस्टमर केयर नंबर ढूंढना एक युवक को महंगा पड़ा। ...और पढ़ें

इस तस्वीर का उपयोग सांकेतिक रूप में किया गया है।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, हल्द्वानी। एसी ठीक कराने के लिए एक युवक ने गूगल में कस्टमर केयर नंबर सर्च किया, जिस पर एक साइबर ठग ने युवक को शिकार बनाते हुए उसके बैंक खाते से दो लाख रुपये पार कर दिए।
यही नहीं युवक के मोबाइल की स्क्रीन शेयर कर उसके बैंक खाते से 20 लाख रुपये लोन के लिए भी आवेदन कर दिया। साइबर ठगी होने पर युवक के पिता ने बैंक और पुलिस में शिकायत की।
मोबाइल में स्क्रीन शेयर करने को कहा
काठगोदाम थाना क्षेत्र निवासी एक युवक ने पुलिस को दी तहरीर में कहा कि उनके पुत्र ने 25 मई को एसी ठीक करवाने के लिए गूगल में नंबर सर्च किया था, जिसमें एक कस्टमर केयर नंबर दिखाया दिया। उसने उस नंबर पर काल किया तो उसने खुद को एसी की कंपनी का प्रतिनिधि बताते हुए मोबाइल में स्क्रीन शेयर करने को कहा। इसके लिए एक एप डाउनलोड करवाया, जैसे ही युवक ने उस एप के जरिए स्क्रीन शेयर की तो साइबर ठग ने मोबाइल और बैंक खाते से जुड़ी जानकारी का दुरुपयोग किया।
इसके बाद लगातार उनके मोबाइल फोन में ओटीपी आने लगे, जिससे उन्हें संदेह हुआ कि उसका फोन हैक कर लिया गया है। कुछ देर बाद ही उनके बैंक खाते से दो लाख रुपये निकल गए। इसके बाद उन्होंने तत्काल बैंक खाते को फ्रीज कराया और बैंक अधिकारियों को मामले में अवगत कराया।
इसके बाद उन्होंने काठगोदाम थाना क्षेत्र में शिकायत दर्ज करवाई। सीओ सिटी अमित कुमार ने बताया कि पीड़ित की शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। लोगों से अपील की कि किसी भी अनजान व्यक्ति के कहने पर स्क्रीन शेयर न करें और न ही बैंक खाते, ओटीपी व अन्य गोपनीय जानकारी साझा करें। साइबर अपराध से संबंधित किसी भी घटना की तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज करवाएं।