हल्द्वानी अमेजन स्टोर में आग: बाहर से बंद था शटर, अंदर से आ रही थी चीखने की आवाज; दो की मौत
हल्द्वानी के अमेजन गोदाम में आग लगने से अमित आर्य और नरेंद्र प्रसाद की दर्दनाक मौत हो गई। ...और पढ़ें

गोदाम से बाहर निकलने के लिए नहीं बनाया गया था दूसरा रास्ता.

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, हल्द्वानी। अमेजन के गोदाम में हुआ अग्निकांड गंभीर लापरवाही का नतीजा था। गोदाम में आग से बचने के इंतजाम नहीं थे। यही नहीं दमकल विभाग की ओर से अनापत्ति प्रमाण पत्र भी नहीं लिया गया था। इसी गंभीर लापरवाही ने अमित आर्य और नरेंद्र प्रसाद की जान ले ली।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि शटर बाहर से बंद था और अंदर से चिल्लाने की आवाज आ रही थी। जब दमकल की टीम अंदर पहुंची तो दोनों कर्मचारियों की जलकर मौत हो चुकी थी। गोदाम में कोई फायर एग्जिट नहीं था, जिससे दोनों आग लगने की स्थिति में बचकर बाहर निकल सकते थे।
दमकलकर्मियों ने बताया कि अंदर थर्माकोल, गत्ते जैसे ज्वलशील सामान थे, जिनसे काफी धुआं निकलता है। माना जा रहा है कि वे धुएं से बेहोश हो गए और फिर जलकर उनकी मौत हो गई।
खड़िया फैक्ट्री की जगह पिछले वर्ष खुला था गोदाम
जानकारी के मुताबिक, जिस गोदाम में आग की घटना हुई, वहां पहले खड़िया फैक्ट्री थी। मार्च 2025 में अमेजन कंपनी ने इसे गोदाम के तौर पर लिया। अग्निशमन अधिकारी एमपी सिंह ने बताया कि हल्द्वानी में अमेजन के तीन से चार गोदाम हैं। उनकी भी जांच की जाएगी।
2023 में भी अग्निकांड से हल्द्वानी में हुई थी तीन मौतें
हल्द्वानी में पहले भी दर्दनाक अग्निकांड हो चुका है। 12 नवंबर 2023 को दीपावली की रात नवाबी रोड स्थित कुमाऊं टेंट हाउस के गोदाम में आग लगी थी। तब टेंट हाउस के गोदाम में सो रहे तीन कर्मचारियों को भागने का मौका नहीं मिला था और उनकी जलकर मौत हो गई थी।