उत्तराखंड के हल्द्वानी में रामलीला मैदान में महाभारत, एक पक्ष पहुंचा एसएसपी के पास, दूसरा बोला- 'होगी हनुमान चालीसा'
हल्द्वानी के शीशमहल रामलीला मैदान में हनुमान चालीसा पाठ को लेकर हुए विवाद के बाद एक पक्ष ने एसएसपी से ...और पढ़ें


समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, हल्द्वानी। हनुमान चालीसा के पाठ को लेकर शीशमहल स्थित रामलीला मैदान में हुए विवाद के बाद एक पक्ष ने एसएसपी से मुलाकात की, जबकि दूसरे ने कहा कि वह पूर्व की तरह शाम को हनुमान चालीसा करते रहेंगे।
युवा सामाजिक एवं सांस्कृतिक रामलीला समिति के अध्यक्ष मनोज कुमार तिवारी ने बताया कि उन्होंने एसएसपी मंजुनाथ टीसी के सामने अपना पक्ष रखते हुए कहा कि समिति रामलीला मैदान से जुड़ी है और उसने भी मंगलवार को हनुमान चालीसा का पाठ करना शुरू किया है। उन्हें किसी के पाठ करने से आपत्ति नहीं है, लेकिन वे भी पाठ जारी रखेंगे।
ऐसे में दूसरे पक्ष से यह सुनिश्चित कराया जाए कि वह समिति का दुष्प्रचार न करे। इस दौरान समिति से जुड़े दिनेश फुलारा, एनडी तिवारी, गिरीश चंद्र तिवारी, जगदीश प्रसाद गौड़, मोहन अधिकारी, केशव दत्त तिवारी आदि मौजूद रहे।
वहीं दूसरे पक्ष के लोगों ने कहा कि वे शाम को ही हनुमान चालीसा का पाठ करेंगे। पंकज खत्री ने दावा किया कि वह लगभग पांच साल से रामलीला मैदान में शाम को हनुमान चालीसा का पाठ कर रहे हैं। अब तक 253 सामूहिक हनुमान चालीसा कर चुके हैं। वह आगे भी मंगलवार शाम 4.30 बजे से 6.30 बजे तक चालीसा का पाठ करेंगे। इसके अलावा दूसरा पक्ष कभी भी पाठ कर सकता है।
मंगलवार को हुआ था हंगामा
मंगलवार को रामलीला मैदान में हनुमान चालीसा का पाठ करने को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए थे। इस वजह से लगभग दो घंटे तक हंगामे की स्थिति बनी रही। बाद में मैदान के एक तरफ एक पक्ष ने और दूसरी तरफ दूसरे पक्ष ने हनुमान चालीसा का पाठ किया।
धार्मिक कार्यक्रमों को लेकर कोई आपत्ति नहीं है। पूर्व की तरह लोग आयोजन कर सकते हैं। लेकिन इसकी आड़ में कब्जे या शांति व्यवस्था में खलल की स्थिति पैदा नहीं होनी चाहिए।
-मंजुनाथ टीसी, एसएसपी
