विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे May 06, 2019 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

इस हत्‍या का भी खुला राज, पति ही निकला कातिल, जानिए क्‍याें और कैसे दिया घटना को अंजाम

By Skand ShuklaEdited By:
Published: Mon, 06 May 2019 11:38 AM (IST)

सात दिन पूर्व चंडाक-चमाली रोड पर कलमठ से संदिग्ध हालात में बरामद नेपाली महिला के नग्न शव के मामले की गुत्थी पुलिस ने सुलझा दी है।

इस हत्‍या का भी खुला राज, पति ही निकला कातिल, जानिए क्‍याें और कैसे दिया घटना को अंजाम
इस हत्‍या का भी खुला राज, पति ही निकला कातिल, जानिए क्‍याें और कैसे दिया घटना को अंजाम

पिथौरागढ़, जेएनएन : सात दिन पूर्व चंडाक-चमाली रोड पर कलमठ से संदिग्ध हालात में बरामद नेपाली महिला के नग्न शव के मामले की गुत्थी पुलिस ने सुलझा दी है। पति ने ही महिला की हत्या कर उसे नग्न अवस्था में कलमठ में फेंक दिया था। पुलिस जांच बढ़ने से पति नेपाल भागने की फिराक में था। नेपाल भागने से पूर्व पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। गौरतलब है कि पति व पत्नी के बीच लंबे समय से पारिवारिक झगड़ा चल रहा था। पति को पत्नी के चाल-चलन पर शक था।

गत 29 अप्रैल को चंडाक-चमाली कच्ची रोड पर कलमठ के नीचे नग्न अवस्था में एक महिला का मिट्टी से सना शव मिला। सूचना मिलते ही पुलिस और एसओजी की टीम मौके पर पहुंची। मामला हत्या का प्रतीत हुआ। कोतवाली में एक नेपाली महिला की गुमशुदगी की रिपोर्ट भी दर्ज थी। पुलिस जांच में शव की शिनाख्त गोमती देवी 29 वर्ष पत्नी दिनेश बहादुर  निवासी पंसेरा जिला बैतड़ी, नेपाल हाल निवासी डिग्री कॉलेज रोड पिथौरागढ़ के रूप में हुई। शिनाख्त दिनेश बहादुर की बहन और जीजा ने की। डॉग स्क्वायड और फोरेंसिक टीम द्वारा भी घटना स्थल और आसपास के क्षेत्र में खोजबीन की गई। इस मामले में जब जांच आगे बढ़ी तो पता चला कि मृतका के पति ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई उसके बाद से ही वह गायब हो गया। महिला के अंतिम संस्कार में भी शामिल नहीं हुआ।

पुलिस को पति पर भी शक बना था। चार अप्रैल को पुलिस को पति के नेपाल भागने फिराक में होने की सूचना मिली। कोतवाल पीएस नेगी, एसओजी प्रभारी प्रकाश मेहरा की टीम ने उसे डिग्री कॉलेज रोड से गिरफ्तार किया। अभियुक्त को न्यायालय में पेश कर पुलिस कस्टडी रिमांड लिया जा रहा है। पूछताछ में पति ने अपनी पत्नी की हत्या करना कबूल कर दिया है। उसने बताया कि उसकी 14 वर्ष पूर्व शादी हुई थी और उसके तीन बच्चे हैं। पिछले आठ माह से वह डिग्री कॉलेज रोड में किराये का कमरा लेकर बच्चों सहित रहता है। दिनेश बहादुर मजदूरी करने के अलावा पिकअप वाहन भी चलाता था और पत्नी लोगों के घरों में खाना बनाने का कार्य करती थी। उसने बताया कि उसका लंबे समय से पत्नी के साथ पारिवारिक झगड़ा चल रहा था। उसे अपनी पत्नी के चाल चलन पर भी शक था, जिसे लेकर तनाव में रहता था और उसने उसकी हत्या कर दी।

शव मिलने से 14 दिन पूर्व कर दी थी गोमती की हत्या 

दिनेश बहादुर ने 16 अप्रैल को पत्नी की हत्या की थी। पूछताछ में उसने बताया कि उस दिन जब उसकी पत्नी गोमती काम से वापस लौट रही थी उसने वाहन रोक कर उसे पिकअप में बैठाया और बताया कि नेपाल गांव में मां की तबीयत खराब है। जिसे लेकर फोन करना है। नगर के भाटकोट नामक स्थान से नेपाल को फोन मिलने की बात कहकर साथ ले गया, परंतु वाहन भाटकोट के बजाय घंटाकरण होते चंडाक रोड ले गया। चंडाक से चमाली वाली कच्ची रोड पर वाहन डाला और कलमठ के पास वाहन रोका और पत्नी की साइड आकर पारिवारिक कलह पर बात करने लगा। जिससे दोनों के बीच विवाद बढ़ गया। जिस पर पत्नी ने कहा कि उसे मार दे। उसने पत्नी के दुपट्टे से उसका गला घोंट कर हत्या कर दी। वाहन से शव निकाल कर सारे कपड़े हटा दिए और शव कलमठ में फेंक दिया। पत्नी के गले और कान में पहने जेवरात, कपड़े व चप्पल भी झाड़ी में फेंक दिए। बाद में तीनों बच्चों को नेपाल भेज कर किराये का कमरा छोड़ दिया। खुद भी नेपाल भागने की फिराक में था और पकड़े जाने के भय से छिप रहा था।

यह भी पढ़ें : कुमाऊं विवि में गलत तरीके से छात्रों को दे दिया गया एडमि‍शन, जांच के लिए कमेटी गठित

यह भी पढ़ें : कैलास यात्रा के दौरान पल-पल मिलेगी मौसम की जानकारी, अपडेट मिलने पर तय होगी यात्रा

लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।