विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

उत्तराखंड में 4.25 करोड़ से बनेगा मल्टीस्टोरी कॉम्प्लेक्स, लालकुआं में स्विमिंग पूल का भी होगा निर्माण

Published: Fri, 06 Nov 2026 06:09 PM (IST)

लालकुआं नगर पंचायत की बोर्ड बैठक में साप्ताहिक हाट बाजार परिसर में सवा चार करोड़ रुपये की लागत से मल्टीस्टोरी कॉम्प्लेक्स बनाने को मंजूरी मिली।

इस फोटो को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

इस फोटो को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

HighLights

  1. साप्ताहिक हाट बाजार में 4.25 करोड़ का मल्टीस्टोरी कॉम्प्लेक्स मंजूर।

  2. ग्रीन पार्क के पास आधुनिक सुविधाओं वाला स्विमिंग पूल बनेगा।

  3. आपदा प्रभावित गरीब परिवारों को 10-21 हजार रुपये की सहायता।

जागरण संवाददाता, लालकुआं। नगर पंचायत सभागार में गुरुवार को अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह लोटनी की अध्यक्षता में आयोजित बोर्ड बैठक में साप्ताहिक हाट बाजार परिसर में सवा चार करोड़ रुपये की लागत से मल्टीस्टोरी कॉम्प्लेक्स का निर्माण शीघ्र शुरू कराने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। इसके साथ ही ग्रीन पार्क के समीप आधुनिक सुविधाओं से युक्त स्विमिंग पूल बनाने का प्रस्ताव भी पारित किया गया।

बैठक में आगजनी एवं अन्य आपदाओं से प्रभावित गरीब परिवारों को 10 हजार से 21 हजार रुपये तक की आर्थिक सहायता देने का निर्णय लेने के साथ ही विकास और जनहित से जुड़े करीब तीन दर्जन प्रस्ताव ध्वनिमत से पारित किए गए।

बैठक में नगर की विभिन्न समस्याओं, जनसुविधाओं और आगामी विकास योजनाओं पर विस्तार से चर्चा हुई। सबसे महत्वपूर्ण निर्णय साप्ताहिक हाट बाजार परिसर में करीब 4.25 करोड़ रुपये की लागत से मल्टीस्टोरी कॉम्प्लेक्स का निर्माण शीघ्र शुरू कराने का रहा। अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह लोटनी ने इसे अपनी बहुप्रतीक्षित योजना बताते हुए कहा कि निर्माण कार्य जल्द शुरू कराया जाएगा।

वहीं, ग्रीन पार्क के समीप स्विमिंग पूल निर्माण के प्रस्ताव को भी बोर्ड ने मंजूरी दी। नगर पंचायत की दुकानों का लंबे समय से किराया जमा नहीं करने वाले दुकानदारों के खिलाफ भी सख्ती बरतने पर सहमति बनी। ऐसे दुकानदारों के अनुबंध निरस्त कर दुकानें खाली कराने की कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में सभासद नेहा आर्या, धन सिंह बिष्ट, सुरेश साह, भुवन पांडे, दीप्ति पांडे, योगेश उपाध्याय, नामित सभासद गौरव कपूर व विनोद श्रीवास्तव, लिपिक सोनू भारती, कामेश भंडारी, मनोज बर्गली, गोपाल खत्री तथा अधिशासी अधिकारी ईश्वर सिंह रावत सहित नगर पंचायत के कर्मचारी मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें- दीपावली पर अल्मोड़ा में बस के लिए यात्रियों की भारी भीड़, रोडवेज ने चलाईं अतिरिक्त बसें

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।