यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Apr 26, 2019 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
दूसरी जगह हुआ रिश्ता तो भड़का प्रेमी, फेसबुक पर शेयर की अपनी और प्रेमिका की तस्वीर
फेसबुक से शुरू हुई दोस्ती प्यार में बदली। इस बीच युवती का रिश्ता दूसरी जगह हो गया तो प्रेमी को नागवार गुजरा। उसने फेसबुक में अपने साथ युवती की पुरानी फोटो शेयर कर दी।

रामनगर, जेएनएन : फेसबुक से शुरू हुई दोस्ती प्यार में बदली। इस बीच युवती का रिश्ता दूसरी जगह हो गया तो प्रेमी को नागवार गुजरा। उसने फेसबुक में अपने साथ युवती की पुरानी फोटो शेयर कर दी। युवती की मां कोतवाली पहुंची तो पुलिस ने युवक को भी कोतवाली बुला लिया। पुलिस की मौजूदगी में दोनों में समझौता हो गया।
रामनगर नगर क्षेत्र में रहने वाले युवक की एक साल पहले कालागढ़ की युवती से फेसबुक पर दोस्ती हुई। इसके बाद दोनों में बातें होने लगी। यह बात धीरे-धीरे मुलाकात व फिर प्यार में बदल गई। इसके बाद दोनों घूमने जाने लगे। इस बीच युवती ने रिश्ता कहीं और कर लिया। इसकी भनक युवक को लगी तो उसने युवती के साथ अपनी सारी फोटो फेसबुक पर अपलोड कर दी।
वह युवती का रिश्ता तोडऩे का भी प्रयास करता रहा। इस बात की जानकारी युवती के माता पिता को लगी। वह कालागढ़ से रामनगर कोतवाली पहुंच गए। उन्होंने कहा कि युवक की वजह से उनकी बेटी की शादी टूट सकती है। पुलिस ने युवक को भी बुला लिया।
युवक ने बताया कि वह युवती पर काफी पैसा खर्च कर चुका है। कोतवाली के एसएसआइ कश्मीर सिंह ने बताया कि पुलिस ने युवक के मोबाइल की चिप कब्जे में लेकर युवती की पुरानी फोटो डिलीट करा दी। युवक को दोबारा युवती की फोटो अपलोड नहीं करने के लिए कहा है।
