विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Feb 21, 2020 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

कुमाऊं बन रहा नवजातों की कब्रगाह, एक माह में दस से अधिक नवजात मिले nainital news

By Skand ShuklaEdited By:
Updated: Fri, 21 Feb 2020 10:26 AM (GMT+05:30)

संतान का सुख हर मां-बाप के लिए दुनिया में सबसे बढ़कर होता है। लेकिन इसी समाज में कुछ ऐसे लोग भी हैं जो जन्‍मते ही नवजातों का गला घोंट देना चाहते हैं।

कुमाऊं बन रहा नवजातों की कब्रगाह, एक माह में दस से अधिक नवजात मिले nainital news
कुमाऊं बन रहा नवजातों की कब्रगाह, एक माह में दस से अधिक नवजात मिले nainital news

नैनीताल, जेएनएन : संतान का सुख हर मां-बाप के लिए दुनिया में सबसे बढ़कर होता है। लेकिन इसी समाज में कुछ ऐसे लोग भी हैं जो जन्‍मते ही नवजातों का गला घोंट देना चाहते हैं। कोई लोकलाज के भय से तो कोई लैंगिक भेद के चलते नवजातों को फेंक दे रहा है। कुमाऊं में पिछले करीब एक महीने में दस नवजात मिल चुके हैं। जहां कुछ महीने पहले अल्‍मोड़ा में एक नवजात को नोचते हुए कुत्‍ते नजर आए थे, वहीं कुछ दिनों पहले नैनीताल के एक नाले में, रुद्रपुर में झाडियों में, ट्रेन में, काशीपुर में खेत में नवजातों के मिलने की खबरों की चर्चा अभी थमी भी नहीं थी कि एक और ऐसा ही दर्दनाक मामला सामने आया है। नैनीताल के रामनगर में एक नाले से नवजात का शव बरामद हुआ है। नाल तक नहीं कटी हुई थी। शव को कुत्ते नोच रहे थे। देखने वाले आहत थे और बेबस भी। कोई कह रहा था कि लोक लाज के भय से किसी अभागी मां ने फेंक दिया होगा तो किसी का कहना था, कारण कोई भी हो नन्‍हीं जान को फेंका क्‍यों गया।

नैनीताल में नाले में मिली थी नन्‍हीं जान

पिछले दिनों नैनीताल में नाले में नजर आई नवजात बच्ची बच्‍ची को राहगीरों ने बीडी पांडे अस्पताल भर्ती कराया था। जहां प्रथमिक उपचार के बाद उसे हल्‍द्वानी एसटीएच रेफर कर दिया गया था। मामले को गंभीरता से लेते हुए डीए सविन बंसल ने ऐसा करने वालों की सूचना देने वाले को दस हजार रुपए देने की घोषणा की थी। जिसके बाद जो मामले सामने निकलकर आया वो चौंकाने वाला था। पता चला कि चचेरे भाई के दुष्‍कम करने से गर्भ ठहर गया था और लोक लाज के भय से परिजनों ने बच्‍चे को नाले में फेंक दिया था।

काशीपुर में गेहूं के खेत में मिला नवजात

कुछ दिनों पहले ही ऊधमसिंहनगर जिले के काशीपुर में सुबह महिला ने गेंहू के खेत में बच्‍चे के रोने की आवाज सुनी। पास जाकर देखा तो एक एक नवजात पड़ा था, उसके ऊपर कोई कपड़ा तक नहीं था, नाल भी नहीं कटी थी। उसने झट से बच्‍चे को उठाकर सीने से लगा लिया। खुद ही अस्‍पताल ले गई। डॉक्‍टरों ने बच्‍चे की नाल काटी। डॉक्‍टरों के अनुसार बच्‍चे का जन्‍म एक दो घंटे पहले ही हुआ होगा। मामले में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। पुलिस की शुरुआती जांच में पता चला है कि नवजात के जन्म लेते ही उसकी मां की मौत हो गई थी। इसके बाद पिता ने ही पालने के झंझट से बचने के लिए नवजात को खेत में फेंक दिया था। इस मामले में पुलिस ने पिता के खिलाफ केस दर्ज करने के बाद उसे तलाश रही है। 

ट्रेन में यात्री की गोद में मासूम को छोड़कर भागा 

26 जनवरी की रात रुद्रपुर रेलवे स्टेशन पर एक व्यक्ति रानीखेत एक्सप्रेस ट्रेन में नवजात बच्ची को एक यात्री की गोद में डालकर भाग गया। उसने कहा कि अभी वह अपना सामान लेकर आ रहा है यात्री ने चेन खींचकर ट्रेन रोकने के बाद मासूम को आरपीएफ चौकी में सौंपा। मध्यरात्रि में आरपीएफ चौकी इंचार्ज आरके भारद्वाज ने इसकी सूचना सखी वन स्टॉप सेंटर में दी। इस पर कोतवाल केसी भट्ट एवं समाजसेवी रजनीश बत्रा वहां पहुंचे।

रुद्रपुर में 15 दिन में मिल चुके हैं छह नवजात

रुद्रपुर में नवजातों के मिलने का मामला सर्वाधिक चिंताजनक है। पिछले 15 दिनों में करीब छह बच्‍चे मिल चुके हैं। जिनमें तीन नवजात हैं तो तीन दो-चार महीनों के बच्‍चे। इन मामलों की जांच को लेकर प्रशासन भी सख्‍त हुआ है। सूचना देने वाले को जहां डीएम ने दस हजार देने के साथ नाम गोपनीय रखने की बात कही है, वहीं एसपी ने पांच हजार रुपए इनाम की घोषणा की है।

यह भी पढ़ें : आइआइएम में किसान के बेटे ने बनाया अनोखा ट्रैक्‍टर, पहाड़ की खेती होगी आसान 

यह भी पढ़ें : एंटी करप्शन कोर्ट ने रिश्वतखोर प्रधानाचार्य को पांच साल की कैद सुनाई, 20 हजार जुर्माना लगाया