हल्द्वानी में 7वीं राष्ट्रीय यूथ मुए थाई स्पर्धा: उत्तराखंड और पूर्वोत्तर के खिलाड़ियों में कड़ी टक्कर
हल्द्वानी में सातवीं राष्ट्रीय यूथ मुए थाई स्पर्धा शुरू हो गई है, जिसमें पूर्वोत्तर के खिलाड़ियों के साथ उत्तराखंड के 59 खिलाड़ी भी हिस्सा ले रहे हैं। ...और पढ़ें

7वीं नेशनल यूथ मुए थाई चैंपियनशिप-2026 में प्रतिभाग करने के लिए गौलापार स्थित इंदिरा गांधी इंटरनेशनल स्पोर्ट्स काम्प्लेक्स पहुंचे हरियाणा के खिलाड़ी। जागरण

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, हल्द्वानी। सातवीं राष्ट्रीय यूथ मुए थाई स्पर्धा में मेजबान उत्तराखंड को टक्कर देने मेघालय, मिजोरम, असम समेत पूर्वोत्तर के खिलाड़ी हल्द्वानी पहुंच चुके हैं। इस खेल में नार्थ ईस्ट के खिलाड़ियों का दबदबा है।
यद्यपि उत्तराखंड के 59 खिलाड़ियों ने भी रिंग में इनसे दो-दो हाथ करने की पूरी तैयारी कर ली है। स्पर्धा में बहरीन में वर्ष 2025 में हुई एशियन यूथ गेम्स में देश के लिए पहली बार पदक लाने वाली मेघालय की लिटिल मास्टर अल्फांसा जेनिया रियांग भी पहुंची हैं, जो पदक में कब्जा जमाने की पूरी तैयारी में है।
सोमवार को इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय खेल परिसर में इस स्पर्धा में हिस्सा लेने पहुंचे खिलाड़ियों के वजन व मेडिकल प्रपत्रों की जांच देर शाम तक चली।
इसमें देश भर के 883 खिलाड़ी 100 रेफरी व जज हल्द्वानी पहुंच चुके हैं। जबकि स्पर्धा में मेघालय राज्य के सबसे अधिक 82 खिलाड़ी रिंग में फाइट करते हुए दिखाई देंगे।
मुए थाई एसोसिएशन आफ उत्तराखंड के प्रदेश अध्यक्ष सतीश जोशी ने बताया कि अंडर-17 आयु वर्ग की इस स्पर्धा में देश के 28 राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों के 883 चयनित खिलाड़ी भाग ले रहे हैं।
मंगलवार को खेल मंत्री रेखा आर्य व उत्तराखंड राज्य खेल परिषद के अध्यक्ष कुलदीप सिंह स्पर्धा का उद्घाटन करेंगे। स्पर्धा में यूनाइटेड मुए थाई एसोसियेशन आफ इंडिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष मनोज वर्मा, महासचिव श्रीराम चौधरी, जु-जित्सु की विश्व पदक विजेता खिलाड़ी प्रज्ञा जोशी, उत्तराखंड टीम प्रबंधक विशान क्षेत्री रहेंगे।

कराटे छोड़ मुए थाई में दिखाया दो बच्चों की मां ने दम, उत्तराखंड का बढ़ाएंगी हौसला
कराटे छोड़कर फुल कांटेक्ट काम्बैट गेम मुए थाई में देहरादून की सपना ने कदम रख लिया है। अपनी दो साल की बेटी को साथ लेकर हल्द्वानी पहुंची सपना जबाड़ी ने बताया कि हैदराबाद में हुई राष्ट्रीय सीनियर स्पर्धा में उन्होंने उत्तराखंड के लिए कांस्य पदक जीता।
उस दौरान उनकी बेटी डेढ़ साल की थी और स्पर्धा में उनके साथ ही थी। कहा कि बेटी से उन्हें हौंसला मिलता है।
सातवीं यूथ राष्ट्रीय मुए थाई स्पर्धा में उत्तराखंड टीम के होनहार सीनियर खिलाड़ी आफिशियल्स की भूमिका निभाएंगे। यहां वह अपने राज्य के खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाते हुए दिखाई देंगे।
सीनियर खिलाड़ी सपना जवाड़ी कहती हैं कि शादी के बाद उनके ससुराल वालों ने खेल में आगे बढ़ते रहने की प्रेरणा दी। उनका एक छह साल का बेटा व दूसरी दो साल की बेटी है।बेटी छोटी होने के चलते वह उन्हीं के साथ रहती है।
खबरें और भी
इसलिए जहां भी जाती हैं अपनी बेटी को संग लेकर चलती हैं। बताया कि अब आगे होने वाली अंतरराष्ट्रीय मुए थाई स्पर्धा के लिए वह तैयारी में जुटी हैं।

ओलिंपिक में पदक लाना लक्ष्य, यहां मेघालय को जीताऊंगी: अल्फांसा
मेघालय की 17 वर्षीय अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी अल्फांसा जेनिया कहती हैं कि एशियन यूथ स्पर्धा में कांस्य पदक जीतकर अब वह ओलिंपिक तक पहुंचेंगी।
बताया कि एशियन गेम्स में देश के 10 खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया था। जिसमें से सिर्फ उन्होंने ही पदक जीता था। अब सातवीं यूथ राष्ट्रीय स्पर्धा में वह अपने राज्य को स्वर्ण पदक जीताकर जाएंगी।

नार्थ ईस्ट से टक्कर लेने के लिए उत्तराखंड के खिलाड़ी तैयारी: संजीता
देहरादून के रायवाला निवासी राष्ट्रीय खिलाड़ी संजीता पोखरियाल ने कहा कि स्पर्धा में उत्तराखंड के खिलाड़ी नार्थ ईस्ट से टक्कर लेने के लिए पूरी तरह से तैयार हैं। हम यहां उन्हें प्रेरित करने के लिए आए हैं। उम्मीद है कि मेजबान प्रदेश इस स्पर्धा में ज्यादा से ज्यादा पदक लेकर पहुंचेंगे।