विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हल्द्वानी में नितिन नवीन का कांग्रेस पर तीखा हमला, बोले- राहुल मियां नहीं समझ सकते वंदेमातरम् का महत्व

Published: Wed, 09 Sep 2026 09:05 PM (IST)

भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने हल्द्वानी में मल्लिकार्जुन खरगे की रैली के बाद हुए शुद्धीकरण विवाद पर कांग्रेस को घेरा। ...और पढ़ें

News Article Hero Image
timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

जागरण संवाददाता, हल्द्वानी। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की हल्द्वानी में आयोजित सभा और उसके बाद हुए शुद्धीकरण विवाद को लेकर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कांग्रेस पर तीखा हमला किया। 

वंदे मातरम् के मुद्दे पर सीधे राहुल गांधी पर हमला बोलते हुए नितिन नवीन ने कहा कि राहुल गांधी वंदे मातरम् को समझ ही नहीं सकते हैं, क्योंकि उन्होंने भारतीय संस्कृति नहीं समझा है।

वह विदेश में पले-बढ़े हैं। जिस वंदे मातरम् की गूंज से हजारों-लाखों लोगों ने बलिदान दिया है, उसे गाने में आपकी माता (सोनिया गांधी) व पार्टी अपमानित महसूस करती है।

जब सनातन को गाली पड़ती है तो इन्हें दर्द नहीं होता, लेकिन वंदे मातरम् पूरा गाने में इन्हें दर्द होता है। हम कह सकते हैं कि एक-एक देशवासी वंदे मातरम् की गूंज के साथ आगे बढ़ेगा।

देवभूमि में नहीं चलेगी खरगे की विभाजनकारी सोच-नितिन नवीन

भाजापा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने आगे कहा कि हल्द्वानी की धरती से खरगे ने राजनीतिक खेल खेलने का काम किया है और षढयंत्र के तहत धर्म विशेष के नारे लगवाए गए। इस पवित्र भूमि को अपमानित किया है। जबकि देवभूमि के हर कंकड़ में शंकर विराजमान हैं।

खरगे की यह विभाजनकारी सोच व राजनीति देवभूमि की आस्था व संस्कृति को अपवित्र नहीं कर सकती है। बुधवार को हल्द्वानी के रामपुर रोड स्थित बैंक्वेट हाल में भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक को संबोधित करते हुए नितिन नवीन ने शुद्धीकरण शब्द का इस्तेमाल किए बिना कहा कि राजस्थान में दलित समाज से आने वाले कांग्रेस के नगर अध्यक्ष को पीटा गया।

कर्नाटक में दलितों को जिंदा जला दिया गया। केरल में दलित महिला पर जानलेवा हमला हुआ। इसके बावजूद कांग्रेस ने कुछ भी नहीं बोला। नितिन नवीन ने कांग्रेस के इतिहास को दलित विरोधी बताते हुए बाबा साहेब डा. भीमराव आंबेडकर व बाबू जगजीवन राम का भी उल्लेख किया।

उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेतृत्व ने आंबेडकर को चुनाव हराने का प्रयास किया था और आज वही कांग्रेस दलित हितैषी होने का दावा करती है। जबकि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कार्यकाल में दलितों का सम्मान बढ़ा है। इसमें मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, प्रदेश प्रभारी दुष्यंत गौतम, सह प्रभारी रेखा वर्मा, प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट आदि शामिल रहे।

मिशन-2027 की जीत केवल सत्ता का नहीं, विचारधारा की होगी

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने मिशन-2027 को पार्टी की विचारधारा और उत्तराखंड के विकास से जोड़ते हुए कहा कि उत्तराखंड में भाजपा की जीत केवल सरकार बनाने की जीत नहीं होगी, बल्कि यह राष्ट्रवादी विचारधारा और सांस्कृतिक विरासत की जीत होगी।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड विकास और विश्वास के नए दौर में आगे बढ़ रहा है।

भाजपा ने उत्तराखंड को केवल सत्ता का माध्यम नहीं माना, बल्कि इसे अपनी विचारधारा और सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण केंद्र माना है। इसीलिए 2027 में भाजपा की सरकार बनाना हम सभी का संकल्प है। साथ ही उन्होंने पदाधिकारियों का उत्साह बढ़ाया।

हमने बनाया, हम ही संवारेंगे

नितिन नवीन ने कहा कि उत्तराखंड का निर्माण अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व में हुआ और अब प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में इसे संवारने का काम किया जा रहा है।

डबल इंजन सरकार के साथ पंचायतों और निकायों में ट्रिपल इंजन की ताकत मिलने से विकास को नई गति मिली है। दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे, चारधाम आलवेदर रोड समेत विभिन्न सड़क परियोजनाओं का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि जिन दुर्गम क्षेत्रों में कभी सड़क पहुंचना भी मुश्किल था, वहां आज कनेक्टिविटी मजबूत हो रही है।

सीमा सुरक्षा को लेकर कांग्रेस पर हमला

भाजपा अध्यक्ष ने कांग्रेस पर सीमा क्षेत्रों के विकास और सुरक्षा को लेकर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने वर्ष 2012 में अरुणाचल प्रदेश के तवांग क्षेत्र की अपनी यात्रा का उल्लेख करते हुए कहा कि उस समय भारत की ओर कच्ची सड़कें थीं, जबकि चीन की तरफ पक्की सड़कें थीं।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार की सोच थी कि सीमा तक सड़कें नहीं बननी चाहिएं, जबकि मोदी सरकार ने इस सोच को बदला। आज सीमावर्ती गांवों को ''अंतिम गांव'' नहीं बल्कि ''प्रथम गांव'' माना जा रहा है।

उन्होंने कहा कि मजबूत नेतृत्व ने देश के सैनिकों का मनोबल बढ़ाया है। वन रैंक वन पेंशन का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि सैनिकों और पूर्व सैनिकों के सम्मान को भाजपा सरकार ने प्राथमिकता दी है।

यह भी पढ़ें- भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन पहुंचे हल्द्वानी, पारंपरिक तरीके से हुआ स्वागत