यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 12, 2020 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने कहा उत्तराखंड को विंटर डेस्टीनेशन बनाएंगे nainital news
पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज का कहना है कि उत्तराखंड को विंटर डेस्टीनेशन के तौर पर विकसित किया जाएगा। पहाड़ के पर्यटन स्थलों को सुविधाएं देने से रोजगार भी बढ़ेगा।

हल्द्वानी, जेएनएन : पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज का कहना है कि उत्तराखंड को विंटर डेस्टीनेशन के तौर पर विकसित किया जाएगा। पहाड़ के पर्यटन स्थलों को सुविधाएं देने से रोजगार भी बढ़ेगा। वहीं, देवस्थलों को सर्किट के तौर पर विकसित करने की योजना जल्द शुरू होगी। हल्द्वानी के नवाबी रोड स्थित बैंक्वेट हॉल में आयोजित उत्तराखंड पत्रकार महासंघ के द्वितीय अधिवेशन में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे कैबिनेट मंत्री ने कहा कि बर्फबारी से जुड़े खेलों को बढ़ावा देकर सर्दियों में पर्यटकों को लुभाया जा सकता है।
भगवती सर्किट के तौर पर देवी मंदिरों को विकसित किया जाएगा
पर्यटन मंत्री ने कहा कि भगवती सर्किट के तौर पर देवी मंदिरों का चयन कर वहां मूलभूत सुविधाएं दी गई थी। इसी तर्ज पर अब शिव सर्किट, विष्णु सर्किट, गोल्ज्यू सर्किट व नवग्रह सर्किट बनाकर इन जगहों को ढांचागत सुविधाएं दी जाएंगी। पर्यटन मंत्री ने कहा कि अल्मोड़ा स्थित कसारदेवी अध्यात्मिक ऊर्जा का प्रमुख स्थल है। देशभर में इसे पहचान दिलाने के लिए भी सरकार जल्द काम करेगी। इससे पूर्व भाजपा कार्यालय में कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया।
पर्यटन को बढ़ाने में मीडिया की अहम भूमिका
उत्तराखंड पत्रकार महासंघ के कार्यक्रम में बोलते हुए कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि पर्यटन के जरिये पलायन को रोका जा सकता है। योजनाओं और नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने में मीडिया की अहम भूमिका है। नेता प्रतिपक्ष डॉ. इंदिरा हृदयेश ने पर्यटन स्थलों को और विकसित करने की बात कही। कार्यक्रम में मंडी विपणन बोर्ड अध्यक्ष गजराज बिष्ट, जिला पंचायत अध्यक्ष सतपाल महाराज, दर्जा मंत्री रेनू अधिकारी, जिलाध्यक्ष प्रदीप बिष्ट, सपा नेता शोएब अहमद, कांग्रेस नेता अब्दुल मतीन सिद्दीकी, महासंघ प्रदेश अध्यक्ष निशित सकलानी, संजय रावत, भुवन जोशी, राजेश सरकार शामिल रहे।

