कुमाऊं में दुष्कर्म के मामलों में ऊधम सिंह नगर सबसे आगे, 61% केस यहीं दर्ज
कुमाऊं में इस साल जनवरी से जून तक दर्ज 170 दुष्कर्म मामलों में से 103 अकेले ऊधम सिंह नगर में ...और पढ़ें

पुष्कर अधिकारी, हल्द्वानी। कुमाऊं में दुष्कर्म के हर 10 मामलों में करीब छह अकेले ऊधम सिंह नगर में दर्ज हो रहे हैं। इस वर्ष जनवरी से जून तक मंडल में दुष्कर्म के 170 मामले दर्ज हुए, जिनमें 103 मामले ऊधम सिंह नगर के हैं। यानी कुमाऊं में दर्ज मामलों का करीब 61 प्रतिशत हिस्सा अकेले यूएस नगर का है।
आंकड़ा महिला सुरक्षा को लेकर जिले की चुनौती को साफ तौर पर सामने रखता है। पुलिस के एक जनवरी से 30 जून तक के आंकड़ों के अनुसार नैनीताल में 37 मामले दर्ज हुए।
इसके बाद पिथौरागढ़ में 10, अल्मोड़ा और बागेश्वर में सात-सात तथा चंपावत में छह मामले सामने आए। इस तरह ऊधम सिंह नगर में दर्ज 103 मामले नैनीताल के मुकाबले भी करीब तीन गुना हैं। हालांकि पिछले वर्ष की तुलना में कुमाऊं में दुष्कर्म के मामलों में कमी आई है।
वर्ष 2025 के पहले छह माह में 207 मामले दर्ज हुए थे, जो इस वर्ष घटकर 170 रह गए। यानी 37 मामलों की कमी आई है। नैनीताल में सबसे अधिक 16 मामलों की कमी दर्ज हुई। यहां पिछले वर्ष 53 मामले थे, जो इस वर्ष घटकर 37 रह गए।
ऊधम सिंह नगर में भी मामले 110 से घटकर 103 हुए हैं। अल्मोड़ा में 12 से सात, पिथौरागढ़ में 16 से 10 और चंपावत में 11 से छह मामले हुए। वहीं बागेश्वर में मामले पांच से बढ़कर सात हो गए।
तीन साल में 550 प्राथमिकी पंजीकृत
तीन साल के आंकड़ों पर नजर डालें तो वर्ष 2024 में कुमाऊं में 173 मामले दर्ज हुए थे। वर्ष 2025 में यह आंकड़ा बढ़कर 207 पहुंचा और 2026 के पहले छह माह में घटकर 170 हो गया। कुल मामलों में कमी राहत देने वाली है, लेकिन ऊधम सिंह नगर में 103 मामले होना महिला सुरक्षा के लिहाज से बड़ी चुनौती बना हुआ है।
यह भी पढ़ें- ऊधम सिंह नगर में डंपर ने बाइक को मारी टक्कर, महिला की मौत और पति घायल
वर्जन
महिला सुरक्षा को लेकर पुलिस लगातार जागरूकता अभियान चला रही है। इसका असर देखने को मिल रहा है। आरोपितों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई भी की जा रही है।
निवेदिता कुकरेती, आइजी कुमाऊं मंडल
यह भी पढ़ें- ऊधम सिंह नगर: बर्थडे पार्टी मनाकर लौट रहे टेंट व्यवसायी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, सिर-गले पर मिले चोट के निशान
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।