विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Feb 27, 2020 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

पुलिस ने बच्‍चों को भिक्षावृत्ति के अंधेरे से निकाला, स्‍कूलों में दिलाया दाखिला nainital news

By Skand ShuklaEdited By:
Updated: Thu, 27 Feb 2020 06:01 PM (IST)

जिन हाथों में कलम-किताबें और बैट-बाल होना चाहिए वो ईंट पत्‍थर ढोने के साथ भीख मांगने के लिए मजबूर हैं। लेकिन इन्‍हें भिक्षावृत्ति से निकालने का बीड़ा ऊधमसिंहनगर पुलिस ने उठाया है।

पुलिस ने बच्‍चों को भिक्षावृत्ति के अंधेरे से निकाला, स्‍कूलों में दिलाया दाखिला nainital news
पुलिस ने बच्‍चों को भिक्षावृत्ति के अंधेरे से निकाला, स्‍कूलों में दिलाया दाखिला nainital news

रुद्रपुर, जेएनएन : जिन हाथों में कलम-किताबें और बैट-बाल होना चाहिए वो ईंट पत्‍थर ढोने के साथ भीख मांगने के लिए मजबूर हैं। लेकिन इन्‍हें भिक्षावृत्ति से निकालने का बीड़ा ऊधमसिंहनगर पुलिस ने उठाया है। जिले में भिक्षा नहीं शिक्षा दें अभियान के तहत पुलिस ने भिक्षावृत्ति और कूड़ा एकत्र करने वाले 25 बच्चों का राजकीय प्राथमिक विद्यालय भदईपुरा में प्रवेश कराया, जबकि शेष 94 अन्य बच्चों का भी शहर के अलग-अलग प्राथमिक स्कूलों में एडमिशन कराया जाएगा।

जिलेभर में 241 भिक्षावृत्ति व कूड़ा बीनने वाले को किया चिह्नित

पुलिस मुख्यालय के आदेश के बाद ऊधमसिंह नगर में पुलिस महकमा ऑपरेशन मुक्ति चला रहा है। भिक्षा नहीं शिक्षा दें स्लोगन के साथ पुलिस ने जिले भर में 241 भिक्षावृत्ति और कूड़ा बीनने वाले बच्चों को चिह्नित किया था। रुद्रपुर सर्किल में ही पुलिस ने 119 बच्चों को चिह्नित किया गया। इसके बाद पुलिस कर्मियों ने परिजनों की काउंसलिंग कर बच्चों को स्कूल भेजने के लिए प्रेरित किया।

भिक्षा मांगने वाले 25 बच्चों को स्‍कूल भेजा

गुरुवार को अभियान के तहत एसएसपी बरिंदरजीत सिंह की मौजूदगी में भदईपुरा स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय में 25 बच्चों को ऑपरेशन मुक्ति के तहत प्रवेश दिलाया गया। इस दौरान एसएसपी ने बताया कि शेष 94 बच्चों का भी रम्पुरा, भूतबंगला, ट्रांजिट कैंप, पहाडग़ंज के सरकारी स्कूलों में प्रवेश कराया जाएगा। उन्होंने बच्चों के परिजनों से आग्रह किया कि वह अपने बच्चों को रोजाना स्कूल भेंजे।

अभियान के दौरान ये रहे मौजूद

इस अवसर पर एसपी सिटी देवेंद्र पिंचा, सीओ अमित कुमार, कोतवाल कैलाश चंद्र भटट, प्राथमिक विद्यालय भदईपुरा के प्रधानाध्यापक विश्वनाथ शर्मा, रम्पुरा चौकी प्रभारी केजी मठपाल, एसआइ विपिन जोशी, आपरेशन मुक्ति के इंचार्ज दिनेश बल्लभ, कांस्टेबल प्रेम गिरी, शायरा बानो, नंदनी वर्मा, अशुंल कपूर समेत तमाम पुलिस कर्मी मौजूद थे।

चाइल्ड लाइन ने बांटी पुस्तक

भदईपुरा स्थित प्राथमिक स्कूल में आयोजित कार्यक्रम के दौरान 94 बच्चे और उनके अभिभावक पहुंचे हुए थे। इस दौरान चाइल्ड लाइन की तरफ से बच्चों को स्कूली किताब और पेंसिल वितरित किया गया। चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 की शायरा बानो ने बताया कि वह बच्चों के प्रवेश के बाद हर माह स्कूल में आकर उनकी प्रगति रिपोर्ट की जानकारी भी लेंगे।

आधार, राशन कार्ड को लगेगा शिविर

ऑपरेशन मुक्ति के तहत स्कूल में प्रवेश कराए गए बच्चों और उनके परिजनों का आधार कार्ड और राशन कार्ड भी बनाया जाएगा। यह जानकारी एसएसपी बरिंदरजीत सिंह ने दी। बताया कि मार्च माह में पुलिस लाइन में जिला प्रशासन के साथ शिविर आयोजित किया जाएगा। इस दौरान बच्चों और उनके परिजनों का राशन कार्ड और आधार कार्ड बनाया जाएगा। साथ ही जो लोग बेरोजगार हैं उन्हें रोजगार से भी जोडऩे का प्रयास किया जाएगा।

यह भी पढ़ें : उत्तराखंडी गीत की धुन से अमेरिका की फर्स्‍ट लेडी का संतूर बजाकर गौरी बनर्जी ने किया स्वागत

यह भी पढ़ें : कर्नाटक हाईकोर्ट के जस्टिस रवि विजय कुमार मलिमथ हाेंगे उत्तराखंड हाईकोर्ट के जज