आज का मौसम: उत्तराखंड के पांच जिलों में रेड अलर्ट, नैनीताल में रात से लगातार बारिश... आदि कैलास और पूर्णागिरि यात्रा रोकी
उत्तराखंड में मौसम ने करवट बदली है, जहां पांच जिलों के लिए भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया गया है।


समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, देहरादून। उत्तराखंड में मौसम ने फिर करवट बदल ली है। मौसम विभाग के अनुसार, शनिवार को बागेश्वर, नैनीताल, पिथौरागढ़, चंपावत और ऊधमसिंह नगर में कुछ स्थानों पर भारी वर्षा के आसार हैं। इन जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है।
वहीं, देहरादून, पौड़ी, चमोली, रुद्रप्रयाग और अल्मोड़ा में कुछ स्थानों पर भी वर्षा की आशंका को देखते हुए आरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
यह भी पढ़ें- उत्तराखंड में विदाई से पहले मानसून एक्टिव, दो दिन भारी बारिश का रेड अलर्ट...सीएम धामी ने दिए सुरक्षा के निर्देश
आदि कैलास यात्रा रोकी
हल्द्वानी और नैनीताल और पिथौरागढ़ में रात से ही तेज बारिश जारी है। टनकपुर -पिथौरागढ़ हाईवे घाट बैंड पर शुक्रवार सांय से बंद है, पिथौरागढ़ में जिला मुख्यालय का अन्य जिलों से सम्पर्क कटा हुआ है। घाट बैंड पर लगातार पत्थर गिर रहे हैं। आदि कैलास यात्रा भी मौसम को लेकर आज रोकी गई है।
मां पूर्णागिरि धाम यात्रा स्थगित
चंपावत में लगातार बारिश और मौसम विभाग के अलर्ट को देखते हुए मां पूर्णागिरि धाम का दर्शन अग्रिम सूचना तक के लिए स्थगित कर दिया गया है।
नैनीताल में बीती रात से लगातार आफत की बारिश
नैनीताल: सरोवर नगरी में बीती रात से हो रही बारिश से जन जीवन अस्त व्यस्त हो गया है। शनिवार को नैनी झील के चैनल पूरे 18 इंच खोल दिए गए हैं। नाले उफान पर हैं और सड़कों में जलभराव हो गया है। मानसून की विदाई के समय मौसम के हालात बुरी तरह बिगड़ जाएंगे, इसका एहसास नहीं था।
यहां बीती रात से मौसम का बिगड़ा हुआ रूप देखने को मिल रहा है। रात करीब नौ बजे से बारिश शुरू हो गई थी, दोपहर बाद तक जारी है। इस बीच नगर के नाले उफान पर हैं और लोअर मालरोड में जलभराव हो गया है। विभिन्न नगरों से नगर भ्रमण पर पहुंचे सैलानी अपने शहरों को लौटने लगे हैं।
बारिश का वेग इतना तेज है कि लोग घरों से बाहर नहीं निकल सके हैं। रोजमर्रा के कार्य बाधित हैं और दिहाड़ी मजदूर कार्य से विरत हैं। बाजारों में सुनसानी छाई हैं। मौसम विभाग के रेड अलर्ट का पूर्वानुमान सही साबित हुआ और रविवार को मौसम खराब रहने का पूर्वानुमान जारी किया हुआ है। जिस कारण खराब मौसम से जल्द निजात मिलने की संभावना नहीं है।
इस बीच नैनी झील पूरी तरह भर चुकी है और झील से निरंतर जल निकासी की जा रही है। सिंचाई विभाग झील नियंत्रण कक्ष के अवर अभियंता नीरज तिवारी के अनुसार झील के दोनो गेट से पानी की निकासी बीती रात से शुरू करदी गई थी, जो आज भी जारी है। 18 इंच पानी की निकासी की जा रही है। अभी तक 70 मिमी बारिश हो चुकी है।
अल्मोड़ा में स्कूल बंद
जिला मुख्यालय व आसपास के क्षेत्रों में शुक्रवार रात्रि से रुक रूककर वर्षा का क्रम जारी रहा। तापमान में गिरावट से गरम कपड़े निकले। अलर्ट को देखते हुए पहली से 12 वीं तक के स्कूलों व आंगनबाड़ी केंद्रों में जिला प्रशासन ने अवकाश घोषित किया है। रुद्रपुर में रात से लगातार बारिश हो रही है। कल्याणी नदी का जलस्तर बढ़ गया है।
कालीमठ मार्ग पर पेड़ गिरने से थमे वाहनों के पहिए
शुक्रवार देर रात से हो रही लगातार बारिश ने परेशानी बड़ा दी है। तेज बारिश के बीच शनिवार सुबह अल्मोड़ा ताकुला मोटर मार्ग पर कालीमठ के समीप एक विशालकाय पेड़ अचानक टूटकर सड़क पर गिर गया। इससे मार्ग पर यातायात पूरी तरह बाधित हो गया और दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई।
सूचना मिलते ही फायर स्टेशन अल्मोड़ा की राहत एवं बचाव टीम प्रभारी मुकेश चतुर्वेदी की अगुवाई में तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। टीम ने कड़ी मशक्कत करते हुए वुडन कटर की मदद से पेड़ को छोटे-छोटे टुकड़ों में काटकर सड़क से हटाया। इसके बाद मार्ग पर यातायात सुचारू हो सका।
राहत कार्य में अग्निशमन कर्मी किशन सिंह, फायर स्टेशन चालक उमेश कुमार और फायरमैन मोहम्मद अशरफ शामिल रहे। लगातार बारिश के बीच पेड़ गिरने से कुछ समय के लिए लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
गढ़वाल में आज कैसा है मौसम?
मसूरी, उत्तरकाशी, हरिद्वार, रुड़की और चमोली में बारिश जारी रही। यहां मौसम में ठंडक का अहसास हो रहा है। कोटद्वार में सुबह से हल्की बारिश जारी है। लगातार चल रही बारिश से आमजन को उमस से राहत मिली। सभी मार्गों पर यातायात सुचारू है।
