नैनीताल के लालकुआं में पहुंची कांग्रेस की उत्तराखंड न्याय यात्रा, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने भाजपा सरकार पर साधा निशाना
लालकुआं में उत्तराखंड न्याय यात्रा के दौरान नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने भाजपा सरकार पर बेरोजगारी, पलायन, अपराध और शिक्षा व्यवस्था को लेकर निशाना साधा।
-1792751142012_m.webp)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, लालकुआं (नैनीताल)। उत्तराखंड न्याय यात्रा के लालकुआं पहुंचने पर नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए बेरोजगारी, पलायन, अपराध, जमीनों से जुड़े मामलों और शिक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए।
उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश के जल, जंगल और जमीन जैसे प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण करने के बजाय उनका दोहन किया जा रहा है। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर जनहित के मुद्दों को जनता के बीच उठाने का आह्वान किया।
बुधवार को लालकुआं कोतवाली के समीप स्थित सभा में यशपाल आर्य ने दावा किया कि प्रदेश के करीब 12 हजार गांव खाली हो चुके हैं और लगभग पांच हजार विद्यालय बंद हो गए हैं।
उन्होंने कहा कि रोजगार के पर्याप्त अवसर नहीं मिलने से पलायन बढ़ रहा है, जो राज्य के भविष्य के लिए चिंता का विषय है। सरकार को रोजगार सृजन, पलायन रोकने और शिक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए।
उन्होंने राहुल गांधी की ओर से उठाए जा रहे वोट चोरी के मुद्दे का जिक्र करते हुए मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखने की बात कही। वहीं, अंकिता भंडारी हत्याकांड पर उन्होंने प्रभावशाली लोगों को बचाने का आरोप लगाते हुए उच्च न्यायालय के न्यायाधीश की निगरानी में सीबीआई जांच की मांग दोहराई। उन्होंने कहा कि अंकिता को न्याय दिलाने के लिए कांग्रेस का संघर्ष जारी रहेगा।
नेता प्रतिपक्ष ने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव और घर-घर पहुंचकर लोगों की समस्याएं सुनने तथा कांग्रेस की नीतियों को जनता तक पहुंचाने की अपील की। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार को जनहित के मुद्दों पर जवाब देना होगा।
कार्यक्रम में पूर्व कैबिनेट मंत्री हरीश चंद्र दुर्गापाल, हरेंद्र बोरा, हेमवती नंदन दुर्गापाल, रविशंकर तिवारी, प्रमोद कॉलोनी, शंकर जोशी, बीना जोशी, शहर कांग्रेस अध्यक्ष भवन पांडे, जिला कांग्रेस अध्यक्ष राहुल छिमवाल, नगर अध्यक्ष भुवन पांडे सहित अन्य कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।