श्रीनगर बेस अस्पताल से मरीज रेफर न हों... उपचार प्रभावी बनाएं, स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल ने दिए निर्देश
स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल ने श्रीनगर के बेस अस्पताल और उपजिला अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। ...और पढ़ें

उपजिला अस्पताल श्रीनगर के बाल रोग विभाग के वार्ड में भर्ती रोगी से गढ़वाली बोली में उपचार की व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी लेते स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल। जागरण

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, श्रीनगर गढ़वाल। वीरचंद्र सिंह गढ़वाली आयुर्विज्ञान संस्थान (राजकीय मेडिकल कालेज) श्रीनगर से संबद्ध बेस अस्पताल में मरीजों के उपचार की व्यवस्था को और प्रभावी बनाया जाए, जिससे मरीजों को रेफर न करना पड़े।
गढ़वाल के विभिन्न जिलों से मरीज उपचार के लिए बेस अस्पताल श्रीकोट श्रीनगर ही आते हैं। प्रदेश के स्वास्थ्य और चिकित्सा शिक्षा मंत्री सुबोध उनियाल ने अस्पताल के औचक निरीक्षण के दौरान मेडिकल कालेज के प्राचार्य और बेस अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक को यह निर्देश दिए।
प्राचार्य डा. आशुतोष सयाना और सीएमएस डा. राकेश रावत ने अस्पताल में हृदय रोग विशेषज्ञ और फिजीशियन चिकित्सकों की कमी से स्वास्थ्य मंत्री को भी अवगत कराया। उन्होंने कहा कि कार्डियोलाजिस्ट और न्यूरो सर्जन के अभाव में ही सम्बन्धित मरीजों को गंभीर स्थिति में रेफर करना पड़ता है।
स्वास्थ्य और चिकित्सा शिक्षा मंत्री सुबोध उनियाल ने गुरुवार देर शाम उपजिला अस्पताल श्रीनगर का भी औचक निरीक्षण कर अस्पताल की सफाई व्यवस्था को और सुदृढ़ करने के निर्देश मुख्य चिकित्सा अधीक्षक को दिए।
अस्पताल के इमरजेंसी विभाग में चिकित्सकों एवं अन्य पैरामेडिकल स्टाफ के बैठने की जर्जर स्थिति में आयी कुर्सियों को देख उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डा. विमल गुसाईं से बेहतर फर्नीचर की भी व्यवस्था इमरजेंसी विभाग में करने के निर्देश दिए।
स्वास्थ्य मंत्री ने बेस अस्पताल के इमरजेंसी विभाग के साथ ही ब्लड बैंक, सीटी स्कैन विभाग और चिकित्सकों के प्रशिक्षण के लिए की गयी व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण कर आवश्यक निर्देश दिए। डाक्टरों को और बेहतर आवास सुविधा उपलब्ध कराने का भी उन्होंने आश्वासन दिया।
खबरें और भी
उपजिला अस्पताल श्रीनगर में बाल रोग विभाग, महिला वार्ड और इमरजेंसी विभाग के साथ ही अन्य कक्षा-कक्षों का भी उन्होंने निरीक्षण कर निर्देश दिए।
चारधाम यात्राकाल के दौरान देश-विदेश से आने वाले यात्रियों के स्वास्थ्य की देखभाल सुनिश्चित करने को लेकर बेस और उपजिला अस्पताल में व्यवस्थाएं प्रभावी और सुदृढ़ करने के निर्देश भी स्वास्थ्य मंत्री ने दिए। बेस अस्पताल में फिजीशियन चिकित्सकों की कमी को दूर करने का आश्वासन भी मिला।
दोनों अस्पतालों के निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल ने बेस अस्पताल से मरीजों के रेफर न करने पर विशेष जोर दिया। बीते गुरुवार को अपने पैतृक गांव ओंणी से लौटते हुए रात्रि करीब आठ बजे प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री का काफीला सीधे राजकीय बेस चिकित्सालय श्रीकोट पहुंचा।
यहां उन्होंने आपातकालीन वार्ड सहित स्त्री रोग अनुभाग और अन्य वार्ड का जायजा किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल परिसर में सफाई व्यवस्था को और बेहतर बनाने के निर्देश दिये।
कहा कि बेस चिकित्सालय में ढांचागत और स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर किया जाएगा, जिससे यहां आने वाले मरीजों को बेहतर इलाज मिल सके।
यह भी पढ़ें- अंकिता हत्याकांड : कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल बोले- सुनियोजित साजिश का हिस्सा हो सकता है वायरल वीडियो
यह भी पढ़ें- उत्तराखंड में LPG संकट: कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल बोले- रसोई गैस है पर्याप्त, जलाऊ लकड़ी भी बैकअप में