पौड़ी के कालागढ़ में टस्कर हाथियों का आतंक, कर्मचारियों ने मांगी सुरक्षा
कालागढ़ की नई कॉलोनी और सरकारी आवासों में जंगली टस्कर हाथियों का उत्पात बढ़ गया है, जिससे कर्मचारियों और उनके परिवारों में दहशत है। ...और पढ़ें

कालागढ की नई कालोनी में अधिशासी अभियंता के आवास खड़ा हुआ मखना हाथी। साभार सिंचाई विभाग
HighLights
कालागढ़ में जंगली टस्कर हाथियों का लगातार उत्पात
सरकारी कर्मचारियों और परिवारों में दहशत का माहौल
सुरक्षा के लिए कॉर्बेट टाइगर रिजर्व से गुहार लगाई
संवाद सूत्र, कालागढ़ (पौड़ी)। कालागढ़ की नई कालोनी व आसपास के सरकारी आवासों में जंगली टस्कर हाथियों का उत्पात लगातार बढ़ता जा रहा है। इससे सरकारी कर्मचारियों और उनके परिवारों में डर का माहौल है।
रामगंगा बांध परियोजना के अधिशासी अभियंता शिविर प्रबंध खंड कालागढ़ ने कार्बेट टाइगर रिजर्व के निदेशक को पत्र लिखकर सुरक्षा की मांग की है।
पत्र में बताया है कि पिछले कई दिनों से टस्कर हाथी दिन व रात दोनों समय कालोनी में घुस रहे हैं।
हाथी सड़कों पर घूमते हुए कई बार सरकारी आवासों और कार्यालय परिसरों में पहुंच चुके हैं। कुछ जगहों पर उन्होंने तार फेंसिंग भी तोड़ दी है।
सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम हाथियों को जंगल की ओर खदेड़ देती है, लेकिन वे फिर वापस कालोनी में आ जाते हैं।
हाथियों के लगातार आने से कर्मचारियों और उनके परिवारों में दहशत बनी हुई है। लोगों का कहना है कि रास्तों पर चलते समय भी हाथियों के हमले का खतरा बना रहता है।
अधिशासी अभियंता ने निदेशक से अनुरोध किया है कि लोगों की सुरक्षा के लिए जल्द प्रभावी कदम उठाए जाएं, ताकि हाथियों को आबादी से दूर जंगल की ओर रखा जा सके और कालोनी में हो रही घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।