सीएम धामी ने श्रीनगर में 'लोकतंत्र बचाओ' पदयात्रा का किया शुभारंभ, कांग्रेस पर साधा निशाना
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने श्रीनगर गढ़वाल में 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' पदयात्रा का शुभारंभ किया, जिसमें बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और स्थानीय लोग शामिल हुए।
HighLights
मुख्यमंत्री धामी ने श्रीनगर में 'लोकतंत्र बचाओ' पदयात्रा शुरू की।
कांग्रेस पर अराजकता फैलाने और राजनीति करने का आरोप लगाया।
अंकिता भंडारी प्रकरण पर राजनीति को अनुचित बताया।
जागरण संवाददाता, श्रीनगर गढ़वाल। श्रीनगर में शनिवार को गढ़वाल लोकसभा स्तरीय ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा का मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुभारंभ किया। पदयात्रा में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और स्थानीय लोग शामिल हुए। रोडवेज डिपो से शुरू हुई पदयात्रा राष्ट्रीय राजमार्ग और नगर के विभिन्न मार्गों से होते हुए रामलीला मैदान पहुंची, जहां जनसभा आयोजित की गई।
कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष तीरथ सिंह रावत, प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, गढ़वाल सांसद अनिल बहुगुणा, कैबिनेट मंत्री डा. धन सिंह रावत और सतपाल महाराज, विधायक भरत चौधरी, विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी, विधायक विनोद कंडारी सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि यह पदयात्रा राज्य के विभिन्न क्षेत्रों में जाएगी। प्रदेश सरकार विकास का संकल्प लेकर आगे बढ़ रही है, जबकि कांग्रेस अराजकता फैलाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कांग्रेस की न्याय यात्रा को बौखलाहट की यात्रा बताते हुए कहा कि कांग्रेस के नेता एक परिवार की चाटुकारिता में लगे हैं।
प्रदर्शन के नाम पर कांग्रेस और उसके समर्थित दल व्यापारियों को नुकसान पहुंचा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल से सवाल किया कि क्या वह राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल और दिवंगत जनरल बिपिन रावत के खिलाफ कांग्रेस नेताओं की कथित टिप्पणियों का समर्थन करते हैं? उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष अंकिता भंडारी प्रकरण के नाम पर पीड़ित परिवार को बार-बार झकझोर रहा है। दिवंगत बेटी के नाम पर राजनीति करना उचित नहीं है।
गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी ने कहा कि पदयात्रा में बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी ने कांग्रेस के प्रति जनता की नाराजगी जाहिर कर दी है। उन्होंने कहा कि अजीत डोभाल और दिवंगत जनरल बिपिन रावत के खिलाफ कांग्रेस की कथित टिप्पणियों को माफ नहीं किया जा सकता। भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष तीरथ सिंह रावत ने कहा कि देश में पहले भी दस बार एसआईआर की प्रक्रिया हो चुकी है, लेकिन तब किसी ने विरोध नहीं किया।
अब कांग्रेस एसआईआर के नाम पर अराजकता फैलाने का काम कर रही है। प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि कार्यक्रम में उमड़ी भीड़ कांग्रेस को आईना दिखाने का काम कर रही है। उन्होंने दावा किया कि मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में भाजपा एक बार फिर उत्तराखंड में सरकार बनाएगी। उन्होंने कांग्रेस की न्याय यात्रा को अन्याय की यात्रा करार दिया।
भाजपा का झंडा लेकर एलयूसीसी ठगी पीड़ित महिलाएं रैली में पहुंची। पुलिस ने उन्हें हिरासत में लिया। श्रीनगर गढ़वाल विश्वविद्यालय छात्रसंघ महासचिव मयंक बहुगुणा को भी डिटेन किया गया है। मयंक एनएसयूआई से जुड़े हैं।
हिरासत में सरस्वती देवी
अंकिता भंडारी हत्याकांड की सीबीआई जांच की प्रगति रिपोर्ट सार्वजनिक करने और महिला सुरक्षा से जुड़े मुद्दों को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मिलने जा रही सामाजिक कार्यकर्ता एवं आंदोलनकारी सरस्वती देवी को पुलिस ने हिरासत में ले लिया।
सरस्वती देवी ने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर अंकिता भंडारी हत्याकांड की सीबीआई जांच की प्रगति रिपोर्ट सार्वजनिक करने समेत महिला सुरक्षा के मुद्दे उठाने की मांग की थी। बताया गया कि जैसे ही सरस्वती देवी अंकिता भंडारी का पोस्टर हाथों में लेकर अपने घर से बाहर निकलीं, पहले से मौजूद पुलिसकर्मियों ने उन्हें मौके पर ही हिरासत में ले लिया।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।